आज चला विराट का बल्ला, तो बनाएंगे ये 5 बड़े रिकॉर्ड

श्रीलंका को पहले वनडे में 9 विकेट से करारी शिकस्त देने के बाद टीम इंडिया ने सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है. टीम इंडिया पल्लेकेले में खेले जाने वाले दूसरे वनडे में आज फिर से मेजबान टीम को कड़ी चुनौती देने के लिए बेताब होगी. इस मैच में टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली पर सबकी नजरें होंगी. क्योंकि उनके पास बहुत से रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका है, कौन हैं ये रिकॉर्ड आइए नजर डालते हैं.

कोहली के पास जयसूर्या का रिकॉर्ड तोड़ने का मौका
विराट कोहली के नाम वनडे में 28 शतक हैं और मौजूदा समय में वह वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में श्रीलंका के सनथ जयसूर्या के साथ तीसरे नंबर पर हैं. अगर वह पल्लेकेले वनडे में एक और शतक लगा देते हैं तो वह वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में जयसूर्या को पीछे छोड़ देंगे. पहले नंबर पर सचिन तेंदुलकर (49 शतक) और दूसरे नंबर पर रिकी पोंटिंग (30 शतक) हैं.
एक टीम के खिलाफ 2000 रन पूरा करने का मौका
विराट कोहली अब तक 190 वनडे में 8,339 रन बना चुके हैं. कोहली ने अबतक किसी भी देश के खिलाफ अपने 2,000 रन पूरे नहीं किए हैं. लेकिन अब कोहली के पास श्रीलंका के खिलाफ अपने 2000 वनडे रन पूरे करने का मौका है. कोहली के नाम श्रीलंका के खिलाफ 42 मैचों की 41 पारियों में 1,938 रन हैं इस तरह से उन्हें अपने 2,000 रन पूरे करने के लिए 62 रनों की और दरकार है.
नबर 1 बनेंगे विराट कोहली
विराट कोहली के नाम साल 2017 कैलेंडर ईयर में 14 मैचों में 769 रन हैं. वह मौजूदा समय में तीसरे नंबर पर हैं. पहले नंबर पर दक्षिण अफ्रीका के फाफ डु प्लेसी हैं. डु प्लेसी के नाम 814 रन हैं. अगर कोहली को मौजूदा साल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में अपना नाम टॉप पर लाना है तो उन्हें 46 रनों की दरकार है. 46 रन बनाते ही विराट कोहली नंबर 1 बन जाएंगे.
वनडे में छक्कों का शतक लगाएंगे कोहली
विराट कोहली के नाम 190 वनडे मैचों में 192 छक्के हैं. इस तरह से उन्हें अपने 100 छक्के पूरे करने के लिए 8 और छक्कों की दरकार है. इस कारनामे को मुकम्मल करते ही विराट कोहली वनडे में 100 छक्के लगाने वाले दुनिया के 32वें बल्लेबाज बन जाएंगे. वहीं भारत की तरफ से 100 छक्के पूरे करने वाले वे 8 वें बल्लेबाज होंगे. उनके पहले भारत की ओर से एमएस धोनी (208), सचिन तेंदुलकर (195), सौरव गांगुली (190), युवराज सिंह (155), वीरेंद्र सहवाग (136), रोहित शर्मा (124), और सुरेश रैना (120) हैं.
कोहली के पास वनडे में 800 चौके पूरा करने का मौका
विराट कोहली वनडे में अपने 800 चौके पूरे कर सकते हैं. उनके नाम वनडे में 776 चौके हैं और ये मील का पत्थर छूने के लिए सिर्फ 24 चौकों की और दरकार है. अगर कोहली यह कारनामा मुकम्मल कर लेते है, तो वनडे में 800 चौके मारने वाले 19वें क्रिकेटर बन जाएंगे. इसके साथ ही वह मोहम्मद यूसुफ (785 चौके), ग्रीम स्मिथ (788) चौकों को पीछे छोड़ देंगे.





