पटना/बिहटा.बिहटा बाजार में उदय सिनेमा हॉल के मालिक निर्भय सिंह को अपराधियों ने गोलियों से भून डाला। शुक्रवार की शाम 5 बजे निर्भय को तब गोली मारी गई जब वे हॉल गेट के पास खड़े थे। तीन अपराधी पैदल पहुंचे और चार गोलियां उनके सिर व शरीर में दाग दीं। फिर पैदल निकले और पास में किरासन डिपो के पास लगी बाइक से भाग निकले।
खून से लथपथ निर्भय को पारस अस्पताल ले जाया गया पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हत्या में महाकाल बाइकर्स गैंग का नाम आया है। घटना के मूल में भूमि विवाद है। निर्भय का कई लोगों से विवाद चल रहा था। वे बिहटा गांव के सरजू सिंह तपसी सिंह परिवार समूह के उदय सिंह के बड़े पुत्र थे। निर्भय की शादी पटना में रहने वाले पूर्व आईएएस सीबी राय की बेटी से हुई थी। निर्भय का बेटा चंदन दिल्ली में पढ़ाई करता है।
पिता की तबीयत खराब होने के चलते बेचैनी में बाहर खड़े थे निर्भय, अपराधियों ने मार दी गोली
बिहटा स्थित उदय सिनेमा हॉल के मालिक निर्भय सिंह के पिता उदय सिंह की तबीयत खराब थी। उन्हें बुखार लग रहा था। उदय सिनेमा हॉल में मौजूद थे। उनका फीवर उनका पोता सन्नी नाप रहा था। पिता की तबीयत खराब होने से बेचैन निर्भय थोड़ी देर पहले ही सिनेमा हॉल के गेट पर आए थे कि इसी बीच अपराधियों ने गोली मार दी। गोली की आवाज सुन निर्भय का बेटा सन्नी और पिता उदय बाहर आए ताे देखा कि निर्भय गिरे हुए थे। चश्मदीदों के अनुसार उनकी हत्या करने की नीयत से दो बाइक से पांच अपराधी आए थे। दो अपराधियों ने बाइक को सिनेमा हॉल से थोड़ी दूर लगा दिया और तीन हथियारबंद अपराधी वहां पहुंच गए।
घटना के विरोध में गिर गए दुकानों के शटर
निर्भय की हत्या के विरोध में घटना के फौरन बाद दुकानों के शटर गिर गए। शनिवार को बाजार बंद रहेगा। इधर, शुक्रवार की शाम हुई इस घटना के बाद बिहटा बाजार को छावनी में बदल दिया गया। किसी अनहोनी की आशंका को देख देर रात तक पुलिस की भारी तादाद बिहटा बाजार व आसपास इलाकों में कैंप कर रही थी।
बिहटा बाजार से लेकर गांव तक मचा कोहराम
सिनेमा हॉल से चंद किलोमीटर की दूरी पर ही निर्भय का गांव है। जैसे ही उनकी हत्या की मनहूस खबर गांव में पहुंची, वहां कोहराम मच गया। उनकी पत्नी व परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे। पूरे गांव में अफरातफरी मच गई। कई लोग गांव से बाजार पहुंच गए। सबके जुबान पर बस एक ही सवाल था- आखिर निर्भय को किसने मारा।
बाजार में हंगामा, हालात काबू करने आई पुलिस टीम को भीड़ ने खदेड़ा
निर्भय की मौत की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोग उग्र हो गए। इस दौरान गुस्साए लोगों ने बिहटा बाजार में हंगामा करने के साथ ही रोड जाम कर दिया। मौके पर पुलिस पहुंची तो लोगों ने उसे खदेड़ दिया। यही नहीं लोगों ने पुलिस जीप को भी आग के हवाले कर दिया। आखिरकार सिटी एसपी वेस्ट रवींद्र कुमार समेत कई थानों की पुलिस भारी तादाद में घटनास्थल पर पहुंची और हालात को काबू में किया। एसएसपी मनु महाराज ने बताया कि घटना के पीछे जमीन विवाद है। पुलिस ने अपराधियों की पहचान कर ली है। हत्यारों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस छापेमारी करने में जुटी है।
हत्यारों की गिरफ्तारी होने तक बंद ही रहेंगी दुकानें
निर्भय की हत्या के बाद स्थानीय व्यापारियों में रोष व्याप्त है। उनका कहना है कि जब तक अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होती, वे दुकान नहीं खोलेंगे। उन्होंने बिहटा बाजार में सुरक्षा बढ़ाए जाने की भी मांग की। कहा कि बाइकर्स गैंग के सदस्यों को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेजे। इधर, निर्भय की हत्या के बाद पिता उदय सिंह और परिजनों का बुरा हाल है। बिहटा बाजार में तनाव को देखते हुए पुलिस बाजार में गश्त कर रही है।