सचिन का ये जवाब, अफरीदी के होश उड़ाने के लिए हैं काफी

कश्मीर को लेकर विवादित टिप्पणी करने वाले पाकिस्तान क्रिकेटर शाहिद अफरीदी पर सचिन तेंडुलकर ने पलटवार किया है। मास्टर ब्लास्टर ने अफरीदी के बयान पर नाराजगी जताते हुए उन्हें मुंहतोड़ जवाब दिया कि, किसी भी बाहरी शख्स को ये बताने की जरूरत नहीं हमें क्या करना है।

सचिन यहीं नहीं रूके, उन्होंने कहा कि, हम अपने देश को चलाने में सक्षम हैं। इससे पहले भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना और गीतकार जावेद अख्तर ने भी कश्मीर से जुड़ी विवादित टिप्पणी के लिए शाहिद अफरीदी को मुंहतोड़ जवाब दिया था।

मालूम हो कि अफरीदी ने कश्मीर घाटी की स्थिति को लेकर चिंता जताई थी, जिस पर क्रिकेटर गौतम गंभीर ने उनका मजाक उड़ाया था। बुधवार को रैना ने ट्विटर पर अफरीदी को जवाब दिया। मूल रूप से कश्मीर के रहने वाले रैना ने लिखा, “कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और हमेशा रहेगा। कश्मीर वह पवित्र भूमि है जहां मेरे पूर्वजों का जन्म हुआ। मुझे उम्मीद है कि अफरीदी पाकिस्तानी सेना से हमारे कश्मीर में आतंकवाद एवं परोक्ष युद्ध रोकने को कहेंगे। हम शांति चाहते हैं, रक्तपात और हिंसा नहीं।”

जावेद अख्तर ने भी ऐसे ही विचार व्यक्त किए। उन्होंने ट्वीट किया, ‘प्रिय अफरीदी, चूंकि आप ऐसा शांतिपूर्ण जम्मू-कश्मीर देखना चाहते हैं, जहां मानवाधिकारों का कोई उल्लंघन न होता हो, कृपया आप इस बात पर ध्यान दें कि पाकिस्तानी आतंकी घुसपैठ बंद कर दें और उनके प्रशिक्षण शिविर बंद कर पाक सेना अलगाववादियों की मदद करनी रोक दे। इससे समस्या के हल में बड़ी मदद मिलेगी।’

कश्मीर मुठभेड़ में सचिन, विराट और कपिल ने मिलकर लगाई अफरीदी की क्लास

इसी बीच भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने कहा, ‘मेरे लिए देश हित सर्वोपरि है। एक भारतीय के रूप में आप वही कहना चाहते हैं जो आपके देश के लिए सबसे अच्छा है और मेरे हित हमेशा हमारे देश के फायदे से जुड़े हैं। अगर कोई चीज इसका विरोध करती है तो मैं यकीनन कभी इसका समर्थन नहीं करूंगा।’

पूर्व कप्तान कपिल देव ने कहा कि अफरीदी की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया नहीं दी जानी चाहिए। मेरे पास उसके लिए कोई समय नहीं है। वह कौन है? हम उसे महत्व क्यों दे रहे हैं। हमें इस तरह के लोगों को महत्व नहीं देना चाहिए। अगर दुनिया के एक कोने में बैठा कोई व्यक्ति कुछ कहता है तो मुझे लगता है कि सबसे अच्छा होगा कि इस पर प्रतिक्रिया न दी जाए। वहीं पूर्व भारतीय क्रिकेटर मुहम्मद कैफ ने भी अफरीदी की आलोचना की है। कैफ ने कहा कि, “पैसा बोलता है। अगर अफरीदी इस तरह के बात नहीं बोलते तो पाकिस्तानी खिलाड़ी आईपीएल खेल रहे होते। हम शांति और प्यार चाहते हैं लेकिन शांति के दो रास्ते हैं।”

Back to top button