ऑस्ट्रेलिया से खेलना चाहता है पाकिस्‍तान का ये खिलाड़ी

मेलबर्न: पाकिस्तान के महान गेंदबाज अब्दुल कादिर के बेटे उस्मान कादिर ने ऑस्ट्रेलिया के साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने की ख्वाहिश की ओर एक कदम बढ़ा दिया है. उस्मान ने बुधवार को वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के साथ पदार्पण किया और जंक्शन ओवल मैदान पर खेले गए मैच में विक्टोरिया के खिलाफ 50 रन देकर तीन विकेट अपने नाम किए. उस्मान काफी समय से ऑस्ट्रेलिया के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलना चाह रहे हैं. 

उस्मान से पहले 2013 में फवाद अहमद ने भी ऑस्ट्रेलिया की नागरिकता हासिल करते हुए यहां क्रिकेट खेलनी शुरू कर दी थी. एक स्पोर्ट्स वेबसाइट में उस्मान के हवाले से लिखा गया है, “जब मैंने देखा कि फवाद के लिए सरकार ने नियम बदले तब मैंने वीजा के लिए अप्लाई करने का फैसला किया और इससे पहले मुझे यहां स्थायी रूप से रहने की मजूंरी मिल गई थी. उम्मीद है कि आने वाले दो वर्षो में मुझे यहां की नागरिकता भी मिल जाएगी.”

उस्मान ने कहा कि उनका लक्ष्य ऑस्ट्रेलिया के लिए 2020 में होने वाले टी-20 विश्व कप में खेलना है. उन्होंने कहा, “मेरा लक्ष्य ऑस्ट्रेलिया के लिए टी-20 विश्व कप-2020 में खेलना है. उम्मीद है कि तब तक मैं इसके योग्य हो जाऊंगा.” उस्मान ने इसका श्रेय साउथ ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कोच डैरेन बेरी को दिया. बेरी ही वो शख्स थे जिन्होंने उस्मान को प्रोत्साहन दिया. उस्मान ने पाकिस्तानी टीम से 2012 अंडर-19 विश्व कप में हिस्सा लिया था. 

पाकिस्तान में हुए उपेक्षा के शिकार
गौरतलब है कि इस साल की शुरुआत में ही उस्मान ने ऑस्ट्रेलिया की ओर से खेलने का मन पक्का कर लिया था. वे लंबे समय से पाकिस्तानी चयनकर्ताओं द्वारा लगातार उपेक्षा के शिकार हो रहे थे.  उस्मान कादिर वर्ल्ड कप टी-20, 2020 में ऑस्ट्रेलिया की तरफ से खेलने की योजना बना रहे हैं. पाकिस्तान की राष्ट्रीय टीम में न चुने जाने के कारण उस्मान का धैर्य जवाब दे गया है, इसलिए वह ऑस्ट्रेलिया की नागरिकता लेना चाहते हैं और ऑस्ट्रेलिया की टीम से ही खेलना चाहते हैं. 24 वर्षीय उस्मान कादिर का सपना है कि वह ऑस्ट्रेलिया की टीम में लेग स्पिनर के रूप में खेलें. इसके लिए वह जमकर अभ्यास भी कर रहे हैं.

पहले भी ऑफर की गई थी ऑस्ट्रेलिया की नागरिकता
उस्मान ने बताया, ”उन्हें 2012 में अंडर-19 वर्ल्ड कप के दौरान ऑस्ट्रेलिया की नागरिकता ऑफर की गई थी. उस समय मैंने अपने पिता की सलाह पर इसे स्वीकार नहीं किया.” उस्मान के पिता ने कहा था कि वह अंडर-19 स्तर पर बढ़िया प्रदर्शन कर चुके हैं और पाकिस्तान में उनका भविष्य उज्ज्वल है. मैं पाकिस्तान चला गया लेकिन वहां लगातार उपेक्षा का शिकार होता रहा.”

उस्मान ने आठ फर्स्ट क्लास मैचों की 9 पारियों में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व किया है. इस लेगब्रेक गेंदबाज ने 4.04 की इकॉनमी से 7 विकेट झटके हैं. वहीं लिस्ट-ए के 17 मुकाबलों में 15 विकेट लिए हैं. इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/32 रहा. वहीं 13 टी-20 मैचों में कादिर खिलाड़ियों को अपना शिकार बना चुके हैं.

Back to top button