फेसबुक का यह फीचर हुआ सुपरहिट, हर रोज 30 करोड़ लोग करते हैं इस्तेमाल
आप में से अधिकतर लोग फेसबुक का इस्तेमाल करते होंगे। कई लोग फेसबुक के सभी फीचर्स का इस्तेमाल करते होंगे तो कई लोग कुछ ही फीचर्स से संतुष्ट हैं, लेकिन फेसबुक के एक फीचर को हर रोज 300 मिलियन यानि 30 करोड़ लोग इस्तेमाल करते हैं। फेसबुक ने अपने एक बयान में कहा है कि फेसबुक स्टोरीज के डेली एक्टिव यूजर्स की संख्या 30 करोड़ से ज्यादा है।
फेसबुक ने यह भी कहा है कि फेसबुक स्टोरीज अब दुनियाभर के विज्ञापनदाताओं के लिए उपलब्ध है। वे चाहें तो फेसबुक स्टोरीज में अपने प्रोडक्ट का विज्ञापन डाल सकते हैं। ऐसे में फेसबुक को तो फायदा होगा लेकिन आपकी परेशानी बढ़ जाएगी।
वहीं फेसबुक स्टोरीज फीचर को अपडेट भी करने वाला है जिसके बाद इसमें आपको म्यूजिक भी जोड़ने का विकल्प मिलेगा। बता दें कि फेसबुक स्टोरीज में आप फोटो, वीडियो और जिफ फाइल को शेयर करते हैं जो टाइमलाइन पर सबसे ऊपर दिखती है। फेसबुक स्टोरीज 24 घंटे में अपने आप ही गायब हो जाती है।
गौरतलब है कि फेसबुक ने स्नैपचैट के ‘स्टोरीज’ फीचर की नकल करते हुए बारी-बारी से इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप और फेसबुक के लिए स्टोरीज फीचर को जारी किया था और अब इसके यूजर्स की संख्या स्नैपचैट स्टोरीज के यूजर्स से भी अधिक हो गई है।





