क्रिकेट के बाद राजनीति के मैदान पर उतरेंगे ये खिलाड़ी, लड़ सकते हैं चुनाव

बांग्लादेश के स्टार क्रिकेटर और वन-डे टीम कप्तान मशरफे मुर्तजा अब बहुत जल्द राजनीति के मैदान पर कदम रख सकते हैं। बांग्लादेश की सत्ताधारी पार्टी ने यह ऐलान किया है कि मशरफे मुर्तजा अगले महीने होने वाले चुनावों में खड़े होंगे। देश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने मोर्तजा के चुनाव में हिस्सा लेने का समर्थन किया है।
मुर्तजा बांग्लादेश की सत्तारूढ़ पार्टी बांग्लादेश आवामी लीग की तरफ से चुनाव लड़ेंगे। बांग्लादेश के इस ऑलराउंडर की तस्वीरें प्रधानमंत्री शेख हसीने के साथ बांग्लादेशी अखबारों के पहले पन्नों की सुर्खियां बनी हुई हैं।
मुर्तजा के राजनीति में आने को लेकर सत्तारूढ़ पार्टी के एक प्रवक्ता महबुबुल आलम ने कहा, ‘मशरफे मुर्तजा नरैल से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं।’ हालांकि क्रिकेटर की तरफ से अब तक चुनाव लड़ने की बात की पुष्टी नहीं हुई है।
वहीं बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को मुर्तजा के चुनाव लड़ने से परहेज नहीं है। बीसीबी के प्रवक्ता ने कहा, ‘चुनाव लड़ना उनका संविधानिक अधिकरा है। अगर वो इस अधिकार का उपयोग करना चाहते हैं तो हमें कोई ऐतराज नहीं है। हम उनसे यही उम्मीद करेंगे कि वो क्रिकेट और राजनीति में जरूर तालमेल बैठा सकें।’
बता दें कि इससे पहले ही यह कयास लगाए जा रहे थे कि मशरफे मुर्तजा साल 2019 क्रिकेट विश्व कप के बाद संन्यास ले लेंगे। उन्होंने पहले ही टी20 क्रिकेट से संन्यास ले लिया था।





