दुकान ने अपनाया प्रमोशन का अजीब तरीका, पुतले की जगह खड़ी हुई लड़की!

जब आप कपड़ों की दुकान में जाते होंगे, तो वहां पर आपने पुतले लगे जरूर देखे होंगे. इन पुतलों को प्रमोशन के लिए कपड़े पहनाए जाते हैं. लोग इन्हें दुकान के बाहर से देखते हैं और कई बार कपड़ों से आकर्षित होकर दुकान के अंदर खरीददारी करने पहुंच जाते हैं. पर क्या आपने कभी इन पुतलों की जगह इंसानों को खड़े देखा है? इन दिनों दुबई के एक मॉल का वीडियो वायरल (Live Human Mannequin viral video) हो रहा है, जिसकी एक आलीशान दुकान में पुतले की जगह लड़की को खड़ा किया गया है, जो कपड़ों का प्रदर्शन कर रही है. प्रचार के इस अजीबोगरीब तरीके को देखकर लोग काफी हैरान हो रहे हैं.
इंस्टाग्राम अकाउंट @socialheaven.in पर कुछ दिनों पहले एक वीडियो पोस्ट किया गया था, जो दुबई फेस्टिवल सिटी मॉल (Human Mannequin in Dubai Mall viral video) का है. इस मॉल में मंटो ब्रिज स्टोर नाम की एक कपड़ों की दुकान है. ये काफी महंगी शॉप है और इसमें जो कपड़े मिलते हैं, वो भी कीमती हैं. दुकान के बाहर कुछ पुतले लगाए गए हैं, जिन्हें प्रचार के लिए कपड़े पहनाए गए हैं. उनके बीच में एक लड़की खड़ी है, जो कपड़ों का प्रमोशन कर रही है.
दुकान में पुतलों की जगह खड़ी हुई लड़की
वायरल वीडियो में आप देख सकते हैं कि लड़की अलग-अलग अंदाज में ड्रेस का प्रचार करती नजर आ रही है. वो बार-बार अपने पोज चेंज कर रही है, जिससे आसपास से गुजरने वाले लोगों को हर एंगल से ड्रेस नजर आए और वो उससे आकर्षित होकर खरीदने चले आएं. पोस्ट के अनुसार इस मॉडल का नाम एंजलिना है. वीडियो में इसे आधुनिक समाज की गुलामी कहा गया, पर शायद लोग इससे सहमत नहीं हैं.





