लोकसभा चुनाव को लेकर बागियों ने तल्ख किए तेवर, आधा दर्जन सीटों पर असर

सीटों की सुलह की खबर अभी पर्दे के भीतर से ही आई है। खुलकर नहीं कहा जा रहा। लेकिन पर्दे के भीतर की बात ने ही बागियों के मिजाज को तल्ख कर दिया है। दोनों गठबंधनों में उनके समर्थक खुल कर अपनी तल्खी का इजहार कर रहे हैैं। लगभग आधा दर्जन सीटें इस तरह की हैं, जहां बागियों का प्रताप असर डालेगा।

मुंगेर से पछुआ पटना तक आ रही

बागियों की तल्खी सबसे पहले मुंगेर से शुरू हुई। मुंगेर से पछुआ हवा पटना साहिब तक पहुंच गई है। यह लगभग तय माना जा रहा है कि सीट बंटवारे के तहत मुंगेर की सीट राजग में जदयू के खाते में जाएगी। जदयू का प्रत्याशी कौन होगा यह भी इलाके के साथ-साथ राजनीतिक गलियारे में जबरदस्त अंदाज में चर्चा में है।

मुंगेर की सीट पर राजग का ही कब्जा है। लोजपा के नाम है यह सीट। लोजपा सांसद वीणा देवी का बागी तेवर अभी से चर्चा में है। एक बार वह तल्ख वक्तव्य भी दे चुकी हैैं। उनके वक्तव्य में निशाने पर जदयू के संभावित प्रत्याशी ही थे। लोजपा सांसद के समर्थकों का कहना है कि लोजपा को सीट मिली तो ठीक नहीं तो कांग्रेस की टिकट पर वीणा देवी मैदान में आ सकती हैैं।

मुंगेर की हवा बेगूसराय और पटना साहिब भी आ गई है। यह तय माना जा रहा है कि बेगूसराय से भाजपा इस बार भोला सिंह से परहेज रखेगी। भोला सिंह तो पहले से ही महागठबंधन के संभावित उम्मीदवार कन्हैया के पक्ष में बोलते रहे हैैं।

पटना साहिब सीट पर भी बागी का खेल दिखेगा। शत्रुघ्न सिन्हा को भाजपा टिकट देने से रही। संभव है यह सीट तालमेल में जदयू को चली जाए। ऐसे में शत्रुघ्न सिन्हा के बागी तेवर का दीदार यहां संभव है।

बक्सर, दरभंगा, भागलपुर से जहानाबाद तक हो रही चर्चा

केंंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार में मंत्री अश्विनी चौबे को बक्सर से भागलपुर शिफ्ट करने की बात काफी पहले से चल रही है। कई लोगों ने अपनी दावेदारी कर रखी थी पर अब यह चर्चा है जदयू को बक्सर सीट मिलेगी और प्रशांत किशोर वहां से लड़ेंगे। प्रशांत को मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार का करीबी माना जाता है।

दरभंगा में बागी अभी से ही खुलेआम बोल रहे। भाजपा इस बार अपने सांसद कीर्ति आजाद को वहां से बेटिकट करेगी। जदयू के संजय झा के नाम की चर्चा है। कीर्ति आजाद के समर्थक यह कह रहे कि कीर्ति कांग्रेस से लड़ेंगे।

जहानाबाद में अरुण कुमार के नाम पर रालोसपा को आपत्ति है। रालोसपा उस सीट पर अपनी दावेदारी करेगी।

खगडिय़ा से भी आ रही खबर

खगडिय़ा में भी बागी दिखाएंगे अपने कद का एहसास। खगडिय़ा के सांसद चौधरी महबूब अली कैसर के कांग्रेस से नजदीकी इन दिनों इलाके में खूब चर्चा में है।

Back to top button