‘मदनपुरी के छपरी…’, मेट्रो में जमनापार और साउथ दिल्ली को लेकर हुआ झगड़ा

दिल्ली में रहने वाले लोगों के बीच चाहे जितना भी प्यार हो, पर इलाके को लेकर हमेशा ही उनके बीच तकरार देखने को मिलता है. साउथ दिल्ली को सबसे पॉश इलाका माना जाता है, ऐसे में जो लोग वहां रहते हैं, वो खुद को सबसे बेहतर समझते हैं. दूसरी ओर अन्य इलाकों में रहने वालों को वो हीन मानते हैं. पर जो लोग यमुना नदी के पार रहते हैं, उन्हें तो गरीब और जरूरतमंद ही समझ लिया जाता है. इसी वजह से दिल्ली के लोग, यमुना नदी के पार, यानी ईस्ट दिल्ली में रहने वालों को जमनापार (Jamnapar vs South Delhi fight video) वाला बुलाते हैं. हाल ही में दो लड़के दिल्ली मेट्रो में जमनापार और साउथ दिल्ली को लेकर झगड़ने लगे. दोनों के बीच जो बहस हुई, वो सुनकर आप अपनी हंसी नहीं रोक पाएंगे.
ट्विटर अकाउंट @gharkekalesh पर लड़ाई-झगड़े से जुड़े वीडियोज पोस्ट किए जाते हैं. हाल ही में ऐसा ही एक वीडियो शेयर किया गया है, जिसमें दो लड़के दिल्ली मेट्रो (Men fight in Delhi metro viral video) में दो इलाकों को लेकर लड़ रहे हैं. दोनों की बातों से लग रहा है कि सफेद टीशर्ट वाले लड़के ने दूसरे को जमनापार का बोल दिया. बस इस बात से काली टीशर्ट वाला लड़का आहत हो गया और वो झगड़ने लगा. बातों से लग रहा है कि काली टीशर्ट वाला लड़का, दूसरे के जूते पर चढ़ गया, बस उसी के बाद से लड़ाई शुरू हो गई.
मेट्रो में आपस में झगड़ते दिखे दो लोग
काली टीशर्ट वाला लड़का कहता है- “हां, मैं जमनापार से हूं, बता क्या करेगा!” फिर वो कहता है- “अगर मेट्रो में इतनी दिक्कत है तो कैब से जाया कर!” तो सफेद टीशर्ट वाला कहता है- “भाई कार है मेरे पास!” दोनों फिर आपस में झगड़ने लगते हैं और एक दूसरे को मारने की बात करते हैं. साउथ दिल्ली वाला लड़का कहता है कि उसे तमीज सीखने की जरूरत है, तो काली टीशर्ट वाला लड़का मुंह बनाकर उसे चिढ़ाता है और कहता है- “मदनपुरी के छपरी!” ये एक वायरल वीडियो है, इसलिए न्यूज18 हिन्दी इसके सही होने की पुष्टि नहीं करता. मुमकिन है कि वीडियो स्क्रिप्टेड हो.
वीडियो हो रहा है वायरल
इस वीडियो को 3 लाख से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं जबकि कई लोगों ने कमेंट कर अपनी प्रतिक्रिया दी है. एक ने कहा कि ये फेक फाइट हो रही है. वहीं एक ने कहा कि दोनों स्ट्रगलिंग एक्टर लग रहे हैं जो स्क्रिप्ट पर काम कर रहे हैं. एक ने कहा कि असली दिल्ली वाले होते तो मारपीट भी कर लेते.





