पंजाब दौरे पर आए PM मोदी की सुरक्षा के मसले पर हुई चूक से खफा है हरियाणा सरकार….

पंजाब दौरे पर आए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सुरक्षा के मसले पर हुई चूक से हरियाणा सरकार खफा है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल, गृह मंत्री अनिल विज और जननायक जनता पार्टी के महासचिव दिग्विजय चौटाला ने अलग-अलग बयानों में कहा कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा में चूक से कांग्रेस के षड्यंत्र की बू आ रही है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल, गृह मंत्री अनिल विज और जजपा महासचिव दिग्विजय चौटाला ने इसके लिए पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को जिम्मेदार ठहराते हुए ट्वीट किए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी के काफिले को रोकना शर्मनाक है। प्रधानमंत्री पंजाब के लिए हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करने आ रहे थे। वह कई हजार करोड़ रुपये की नई सौगात भी देकर जाते, लेकिन कांग्रेस इससे घबरा गई और प्रधानमंत्री के काफिले को येन-केन-प्रकारेण रुकवा दिया। मनोहर लाल ने कहा कि पंजाब की जनता कांग्रेस को कभी माफ नहीं करेगी। पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी को पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। प्रधानमंत्री का रूट गोपनीय होता है लेकिन उसको उजागर किया गया। यह राज्य सरकार और पुलिस का फेलियर है। हम पंजाब सरकार बर्खास्त करने के लिए राष्ट्रपति से निवेदन करेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी की सुरक्षा में चूक बड़ा मुद्दा बन गई है। पंजाब के हुसैनीवाला में राष्ट्रीय शहीद स्मारक से लगभग 30 किलोमीटर दूर, जब प्रधानमंत्री का काफिला फ्लाईओवर पर पहुंचा, तो वहां कुछ प्रदर्शनकारियों ने सड़क को अवरुद्ध कर दिया था। प्रधानमंत्री 15-20 मिनट फ्लाईओवर पर फंसे रहे और प्रधानमंत्री की सुरक्षा में यह बड़ी चूक थी। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम और यात्रा की योजना के बारे में पंजाब सरकार को पहले ही बता दिया गया था। प्रक्रिया के अनुसार उन्हें रसद, सुरक्षा के साथ-साथ आकस्मिक योजना तैयार रखने के लिए आवश्यक व्यवस्था करनी थी।

विज ने किया ट्वीट

गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि सीमावर्ती राज्य पंजाब में अक्षम कांग्रेस सरकार है, जो भारत के प्रधानमंत्री को उनके पंजाब दौरे के दौरान सुरक्षा प्रदान नहीं कर सकी। यह देश के लिए बड़ा जोखिम है। विज ने ट्वीट करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की पंजाब के फिरोजपुर में रैली थी, लेकिन तेज बरसात के कारण उनकी रैली रद कर दी गई। वे प्रदेश को कई सौगातें देने वाले थे, इनमें दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेस-वे, फिरोजपुर में पीजीआइ सेटेलाइट सेंटर और कपूरथला-होशियारपुर में दो नए मेडिकल कालेज शामिल हैं।

कांग्रेस को माफी मांगनी चाहिए: दिग्विजय चौटाला

जननायक जनता पार्टी के महासचिव दिग्विजय चौटाला ने ट्वीट में कहा कि पीएम का पद पूरे देश की गरिमा व सम्मान का प्रतीक है। पंजाब में पीएम की सुरक्षा में इतनी बड़ी चूक की जितनी निंदा की जाए, कम है। इस घटना से पंजाब सरकार ने अपनी सोच को दर्शा दिया है। कांग्रेस को घटना की जिम्मेदारी लेकर देश से माफी मांगनी चाहिए।

Back to top button