वो जगह, जहां पानी से ज्यादा कोका-कोला पीते हैं लोग!

कुछ चीज़ें ऐसी होती हैं, जिन्हें हम जानते हैं कि वो हमारे लिए खराब है, पर उसे मानते नहीं हैं. मसलन खाने-पीने के लिए ऐसी बहुत सी चीज़ें होती हैं, जिन्हें सेहत के लिए खराब माना जाता है पर हम इसे छोड़ नहीं पाते. इनका एडिक्शन ऐसा होता है कि चाहकर भी कोई इनसे दूर रह नहीं पाता. आज एक ऐसे ही एडिक्शन के बारे में बताएंगे, जिसने पूरे प्रांत को चपेट में ले रखा है.

आपने अक्सर सुना होगा कि अगर सेहत को ठीक रखना है तो कोल्ड ड्रिंक को छोड़कर पानी और दूसरे हेल्दी ड्रिंक्स पर फोकस करना चाहिए. बावजूद इसके लोगों को कॉफी, चाय और कोल्ड ड्रिंक की लत लग जाती है. आज हम आपको एक ऐसे स्टेट के बारे में बताने वाले है, जहां लोग कोका कोला के दीवाने हैं.

पानी से ज्यादा पीते हैं कोल्ड ड्रिंक
ऑडिटी सेंट्रल वेबसाइट के मुताबिक मैक्सिको के चियापास नाम के स्टेट में लोग पानी की तरह कोका-कोला पीते हैं. यहां कोक की कीमत भी लगभग पानी जितनी ही है. यही वजह है कि लोग यहां पर इसे सिर्फ स्वीट ट्रीट की वजह से नहीं पीते बल्कि इसे पानी की जगह खुद को हाइड्रेट रखने के लिए पीते हैं. दरअसल 1960 में पहली बार यहां पर कोक और पेप्सी जैसे रिफ्रेशिंग ड्रिंक्स लाए गए. चूंकि धार्मिक नेताओं ने इसे धार्मिक सभाओं में फायरवॉटर की जगह रखना शुरू किया, इसलिए लोगों ने इसे धर्म से जोड़ दिया. धीरे-धीरे यहां पर सैन क्रिस्टोबल दि लास कसास में इसका प्लांट लगा दिया गया. ऐसे में इसकी कीमत बहुत कम हो गई और लोगों ने इसे खरीद-खरीदकर पीना शुरू कर दिया.

एक आदमी पी जाता है 821 लीटर कोक
पिछले 5 दशकों से यहां के लोग कोका-कोला पीने की लत से ग्रसित हैं. बच्चे हों या बूढ़े, इसके बिना उनका काम नहीं चलता. स्टेट में हर आदमी औसतन 821 लीटर कोका कोला हर साल पी जाता है, जबकि दिन में प्रति व्यक्ति 2 से ढाई लीटर कोक की खपत होती है. चियापास के डॉक्टर मार्कोस बताते हैं कि प्रांत में कोक का एडिक्शन ऐसा है कि 1-2 साल के बच्चे भी रोज़ाना इसे पीते हैं और 3 प्रतिशत केसेज़ में 6 महीने के बच्चे भी कोक पी जाते हैं. हालांकि इससे हर साल 3000 लोगों की मौत सिर्फ डायबिटीज़ से हो जाती है. लोगों के दांत खराब हो जाते हैं, बावजूद इसके ये एडिक्शन कम होता ही नहीं.

Back to top button