मेट्रो में शख्स ने किया गर्लफ्रेंड को प्रपोज, लेकिन लोगों ने किया इग्नोर

दुनियाभर में कई ऐसे लोग हैं, जो अपने प्यार को एक खास अंदाज में व्यक्त करते हैं. इनमें से कुछ लोग जमीन से सैकड़ों फीट ऊपर आसमान में अपने लव इंटरेस्ट को प्रपोज करते हैं, तो कुछ लोग समंदर की गहराइयों में जाकर प्यार का इजहार करते हैं. कई लोग अपने रिश्तेदारों के सामने ही खुल्लमखुला प्यार दिखला देते हैं. जबकि, कुछ लोग अपनी गर्लफ्रेंड को सरप्राइज देने के लिए पब्लिक ट्रांसपोर्ट को चुनते हैं. सोशल मीडिया पर एक ऐसा ही वीडियो वायरल हो रहा है, जो नीदरलैंड का है. नीदरलैंड के मेट्रो में एक शख्स घुटनों पर बैठकर अपनी गर्लफ्रेंड को प्रपोज करता है, लेकिन वहां मौजूद लोग मुस्कुराने की जगह कपल को इग्नोर कर देते हैं. इसका वीडियो वहां मौजूद एक दूसरे शख्स ने बना लिया.

वायरल हो रहे इस वीडियो में आप देख सकते हैं कि एक शख्स घुटनों पर बैठा हुआ लड़की को प्रपोज करता है. लड़की भी मुस्कुराती है और प्रपोजल को स्वीकार कर लेती है. इसके बाद दोनों एक दूसरे को गले लगा लेते हैं. वीडियो बना रहा शख्स लोगों से तालियां बजाने की अपील करता है, लेकिन सब अपने में खोए हुए हैं. इस कपल की खुशी से किसी को कोई लेना देना नहीं है. इस वीडियो को ओन्यिसी लायन (@onyisimadagaska) नाम के शख्स ने बनाया और इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दिया. उसने कैप्शन लिखा, ‘मैं चाहता था कि वह किसी और खूबसूरत जगह पर अपनी गर्लफ्रेंड को प्रपोज कर पाता, लेकिन जो बात सबसे ज़्यादा मायने रखती है, वह है इनके बीच का सच्चा प्यार.’

प्रपोज करने के बाद वहां मौजूद लोग खुश नहीं दिखाई दिए, जिसके बाद ओन्यिसी को ये बात बुरी लग गई. उन्होंने वीडियो में कहा, ‘ये बेहद खास पल था, लेकिन यहां मौजूद लोगों को इसमें कुछ खास नहीं लगा. ऐसा लगा मानो वो रोबोट्स हों, जिन्हें भावनाओं की कोई कद्र नहीं. अगर हम अमेरिका में होते तो लोग तालियां बजाते, इस कपल को मुबारकबाद देते. लेकिन नीदरलैंड में लोगों को इससे कोई मतलब नहीं, वे बस अपने फोन को देखने में व्यस्त थे. यह मुझे बेहद खराब लगा. मुझे लगता है कि उस कपल के लिए वहां मौजूद लोगों को उत्साह दिखाना चाहिए था, ताकि उन्हें लगे कि उनके लिए वो खास दिन था.’ सोशल मीडिया पर यह वीडियो वायरल हो गया.

इंस्टाग्राम पर इस वीडियो को अब तक 30 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है. वहीं, 1 लाख 23 हजार से ज्यादा लोगों ने इसे लाइक किया है. साथ ही हजारों लोगों ने इस वीडियो को शेयर भी किया है. अब तक 4 हजार 2 सौ से ज्यादा कमेंट्स आ चुके हैं. वीडियो पर कमेंट करते हुए एक शख्स ने लिखा है कि सारी जगहों को छोड़कर इस आदमी ने गर्लफ्रेंड को प्रपोज करने के लिए मेट्रो को चुना. दूसरे यूजर ने लिखा है कि लोगों ने शायद सोचा होगा कि यह एक प्रैंक था, क्योंकि सच में ट्राम में कौन प्रपोज करता है? तीसरे यूजर ने कमेंट किया कि शायद वे पहली बार ट्राम में मिले हों, तो इस उद्देश्य के लिए सही जगह है. लेकिन इस कपल ने चाहे जिस जगह को भी चुना हो, लोगों को खुश होना चाहिए.

Back to top button