लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने आखिरकार वह काम कर दिखाया जो राम विलास पासवान के लिए भी रहा एक चुनौती

 Bihar Politics: लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास पासवान) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने आखिरकार वह काम कर दिखाया है, जो उनके पिता के लिए भी बड़ी चुनौती रहा। चिराग के इस काम ने उनके समर्थकों को खुश तो विरोधियों को हैरान कर दिया। चिराग पासवान ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ ट्विटर पर इस खूबसूरत पल की तस्वीरें शेयर की हैं। दरअसल चिराग एक दिन पहले यानी शुक्रवार को अपने पैतृक गांव खगड़िया जिले के शहरबन्नी में थे। उनके परिवार के काफी सदस्य और उनकी बड़ी मां इसी गांव में रहती हैं।

आपको बता दें राम विलास पासवान की एक शादी उनके गांव में रहते हुए परिवार की मर्जी से हुई थी। बाद में उन्होंने रीना पासवान से शादी कर ली। उनकी पहली और दूसरी पत्नी के बीच सामाजिक और शैक्षणिक सहित कई बिंदुओं पर बड़ा अंतर रहा है। उनकी दोनों पत्नियां अलग अलग ही रहीं। राम विलास की पहली पत्नी ज्यादातर वक्त गांव में ही रहीं, जबकि दूसरी पत्नी हमेशा उनके साथ रहती थीं। दोनों पत्नियों को एक साथ इतने नजदीक लाने का करिश्मा शायद पहली बार ही हुआ है और इसे चिराग ने कर दिखाया है।

चिराग पासवान ने जो तस्वीरें शेयर की हैं, उनमें उनकी बड़ी और छोटी मां एक दूसरे से गले मिलते नजर आ रही हैं। दोनों ने काफी वक्त एक दूसरे के साथ गुजारा। आपको बता दें कि फिलहाल चिराग के विरोधी खेमे के साथ दिख रहे उनके चचेरे भाई प्रिंस राज भी शहरबन्नी गांव जाकर अपनी बड़ी मां से मिले थे। आपको बता दें कि राम विलास पासवान की पार्टी और उनका परिवार उनके निधन के एक वर्ष के अंदर ही दो हिस्सों में बंट गया है। दोनों खेमे खुद को राम विलास पासवान का असली वारिस बताने और जताने में जुटे हैं। ऐसे में शहरबन्नी का घटनाक्रम राजनीतिक मायने भी रखता है।

Back to top button