भारतीय टीम इंग्लैंड को उसकी धरती पर टेस्ट सीरीज नहीं हरा पाएगी, बताए इसके पीछे के ये बड़े कारण…

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान और सलामी बल्लेबाज एलेस्टेयर कुक का मानना है कि भारतीय टीम इंग्लैंड को उसकी धरती पर टेस्ट सीरीज नहीं हरा पाएगी. एलेस्टेयर कुक के मुताबिक इंग्लैंड को इंग्लैंड में मात देना टीम इंडिया के लिए आसान नहीं होगा. भारत के खिलाड़ी इस लंबे दौरे के आखिर में मानसिक रूप से काफी थक जाएंगे. भारतीय टीम इस समय साउथेम्प्टन में न्यूजीलैंड के खिलाफ वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल खेल रही है. भारत को इसके बाद चार अगस्त से इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है.
इंग्लैंड को उसकी धरती पर नहीं हरा पाएगा भारत
कुक ने ‘ईएसपीएन क्रिकइन्फो’से कहा, ‘भारत ने दिखा दिया है कि वह कितनी बेहतरीन टीम है, क्योंकि वह वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप का फाइनल खेल रही है. उसके बाद हालांकि इंग्लैंड को उसकी धरती पर पांच टेस्ट मैचों में हराना आसान नहीं होगा. यह काफी कठिन सीरीज रहेगी. भारतीय टीम लंबे समय तक यहां रुकेगी लिहाजा मानसिक रूप से काफी थक जाएगी.’
एलेस्टेयर कुक ने की भविष्यवाणी
कुक ने कहा,‘भारत की शुरुआत अच्छी होगी, लेकिन लगातार पांच मैचों में उसे बनाए रखना और इंग्लैंड को इंग्लैंड में हराना काफी मुश्किल है. मुझे लगता है कि शुरुआत में सब्र से काम लेने पर इंग्लैंड यह सीरीज जीत सकता है.’इंग्लैंड को भारत ने अपनी मेजबानी में 3-1 से हराया. इसके बाद न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज 1-0 से जीती.
पिछली गलती से सबक लेगा इंग्लैंड
कुक ने कहा कि गलत रोटेशन नीति का खामियाजा इंग्लैंड को भुगतना पड़ा है, जिसकी वजह से कप्तान जो रूट को उनकी बेस्ट प्लेइंग इलेवन नहीं मिल सकी. कुक ने कहा,‘इंग्लैंड के लिए खेलते समय या अगर आप कप्तान, कोच या चयनकर्ता है तो नतीजों के आधार पर आपका आकलन होता है और रूट को उसके सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी नहीं मिल सके. बेन स्टोक्स, जोस बटलर, जॉनी बेयरस्टॉ जैसे खिलाड़ी काफी अंतर पैदा करते हैं.’ जोफ्रा आर्चर और स्टोक्स चोटिल थे जबकि बटलर, बेयरस्टॉ , क्रिस वोक्स, मोईन अली और मार्क वुड को ब्रेक दिया गया.





