गाने से डर गई पड़ोसी देश की सरकार, तुरंत लगाया बैन

सोशल मीडिया पर आए दिए कोई न कोई गाना वायरल हो जाता है, जो पलभर में ही सबकी जुबां पर आ जाता है. बस हो या ट्रेन, सड़क हो या चौराहा, हर कोई उसे गुनगुनाता नजर आता है. लेकिन क्या कभी सुना है कि एक गाने से पड़ोसी देश की सरकार डर जाए. चौंकिए मत, ऐसा हुआ है. सोशल मीडिया पर एक गाना इतना वायरल हुआ कि पड़ोसी देश की सरकार डर गई. आनन फानन में बैन लगा दिया. लोगों को चेतावनी तक दी कि कोई इस गाने को न गुनगुनाए.आखिर इस गाने में है क्या?
बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, मामला दक्षिण कोरिया का है. अप्रैल में उत्तर कोरिया में ‘फ्रेंडली फादर’ टाइटल से एक गाना रिलीज हुआ, जिसमें उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन की जमकर तारीफ की गई थी. उन्हें ‘महान नेता’ बताया गया था. उनके कई गुणों का बखान किया गया है. जैसे ही यह पॉप गाना रिलीज हुआ, टिकटॉक पर खूब वायरल हुआ. हर जगह इसे लोग सुनते नजर आए, क्योंकि इसकी स्पीड काफी तेज थी और धुन बेहद शानदार. गाने के बोल थे, लेट्स सिंग किम जोंग उन, द ग्रेट लीड, लेट्स ब्रैग एबॉउट किम जोंग उन, ऑवर फ्रेंडली फादर.
नेशनल सिक्योरिटी के लिए खतरा बताया
गाने के वीडियो, मीम्स टिकटॉक समेत कई सोशल मीडिया साइट्स पर जबरदस्त वायरल हुए. लोगों में इस गाने की बढ़ती लोकप्रियता को देखकर दक्षिण कोरिया सरकार के कान खड़े हो गए. वहां की नेशनल इंटेलिजेंस सर्विस ने इस गाने को नेशनल सिक्योरिटी के लिए खतरा बताया और सरकार से तुरंत इस पर बैन लगाने की मांग की. कहा, इसे साइकोलॉजिकल वॉर छेड़ने और दुष्प्रचार करने के मकसद से बनाया गया है. इसके बाद मीडिया रेगुलेटर ने गाने पर बैन का आदेश जारी किया.
गाना बजाने पर होगी सात साल की जेल
सियोल की कोरिया कम्युनिकेशन स्टैंडर्ड कमीशन ने बताया कि इस गाने के 29 वर्जन को बैन किया जा रहा है. हम किम जोंग उनकी तारीफ वाली किसी भी चीज को अपने देश में चलने नहीं दे सकते. कानून के मुताबिक, अगर कोई इसका उल्लंघन करता है, तो उसे सात साल तक की जेल हो सकती है. इस गाने को एक चैनल ने पोस्ट किया है, उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी. बता दें कि जब से किम जोंग उन ने उत्तर कोरिया की कमान संभाली है, तब से दक्षिण कोरिया के साथ तल्खी बढ़ी है. कई बार युद्ध तक की धमकी दोनों ओर से दी जा चुकी है.





