बिहार बोर्ड इंटर परीक्षा का प्रवेश पत्र हुआ INTERNET पर जारी, करें यहां से डाउनलोड
पटना। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति इंटर वार्षिक परीक्षा-2018 का एडमिट कार्ड बुधवार शाम तीन बजे जारी हो गया। बिहार बोर्ड अध्यक्ष आनंद किशोर ने बताया कि परीक्षार्थियों का प्रवेश पत्र समिति की वेबसाइट (www.srsec.bsebbihar.com) पर उपलब्ध है। संबंधित स्कूल के प्राचार्यों को प्रवेश पत्र डाउनलोड कर हस्ताक्षर और मुहर लगाने के बाद परीक्षार्थियों को देना होगा।
इसी के आधार पर छात्र-छात्राओं को थ्योरी की परीक्षा के लिए केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। यदि प्रवेश पत्र में किसी त्रुटि है तो संबंधित विद्यालय के प्राचार्य 20 जनवरी तक ऑनलाइन सुधार के लिए आवेदन कर सकते हैं। सुधार के साथ प्रवेश पत्र 23 जनवरी को समिति की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया जाएगा। प्रैक्टिकल के लिए जारी प्रवेश पत्र के आधार पर थ्योरी की परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं होगी। इंटर की परीक्षा छह से 16 फरवरी के बीच प्रवेश पत्र में दर्ज परीक्षा केंद्रों पर होगी।
कोताही बरतने वाले प्राचार्य नपेंगे
बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि परीक्षा फॉर्म और प्रवेश पत्र में सुधार के लिए कई अवसर दिए गए हैं। यह अंतिम मौका है। इसके बाद भी किसी परीक्षार्थी के प्रवेश पत्र में किसी तरह की त्रुटि रह जाती है तो पूरी तरह से संबंधित स्कूल के प्राचार्य और विद्यार्थी इसके लिए दोषी होंगे।
प्रवेश पत्र में त्रुटि होने के बाद भी प्राचार्य पोर्टल के माध्यम से उसमें सुधार नहीं करते हैं तो विद्यार्थी इसकी शिकायत जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिलाधिकारी कार्यालय से कर सकते हैं। समिति कार्यालय को भी इसकी सूचना दें। लापरवाही बरतने वाले प्राचार्य के खिलाफ बोर्ड सख्त कार्रवाई करेगा।





