कपल गोद ले रहे थे बच्चा, अनाथालय में पहली बार हुई मुलाकात, देखकर भावुक हुए मां-बाप

हर पति-पत्नी की ये चाहत होती है कि वो माता-पिता बनें और जीवन को अगले पड़ाव पर लेकर जाएं. पर माता-पिता बन पाना कई बार इतना मुश्किल हो जाता है कि लोग काफी कोशिशों के बाद भी सफल नहीं हो पाते. इस वजह से कपल डिप्रेशन में भी चले जाते हैं. ऐसे में बहुत से कपल बच्चा गोद लेने का विकल्प अपनाते हैं. अब बच्चा चाहे अपना हो, या गोद लिया हुआ, मां-बाप बनने का जो एहसास होता है, वो महसूस करते ही कपल्स का भावुक होना तो लाजमी है. ऐसा ही एक कपल (Couple ) के साथ हुआ, जिनका वीडियो वायरल हो रहा है. जब इनकी मुलाकात पहली बार अपने बच्चे से हुई, तो वो ऐसे रोने लगे, जैसे वो खुद ही बच्चे हों.

इंस्टाग्राम अकाउंट @goodnews_movement पर अक्सर सकारात्मक वीडियोज पोस्ट किए जाते हैं. हाल ही में ऐसा ही एक भावुक करने वाला वीडियो शेयर किया गया है, जिसमें एक कपल, बच्चा गोद लेने के लिए अनाथालय पहुंचे हैं. जब वो पहली बार अपने बच्चे से मिलते हैं, तो इतना भावुक हो जाते हैं कि उसे देखकर रोने लगते हैं.

बच्चे को देख रोने लगे माता-पिता
वीडियो पोस्ट करते हुए मां के बयान को लिखा गया है- मैं नहीं जानती कि मैं कैसा महसूस कर रही थी. हमने इस दिन के लिए काफी वक्त से इंतेजार किया है. कभी-कभी लगता था कि अनाथालय से फोन ही नहीं आएगा. पर आखिरकार फोन आया और हमें लगा कि हमारा वक्त आ गया है. वो हमारा बेटा था. उसके बाद से उसके लिए प्यार सिर्फ बढ़ता ही जा रहा है. जैसे ही बच्चे को माता-पिता को सौंपा जाता है, वो उसे लेकर रोने लगते हैं. पिता की आंखों में भी आंसू आ जाते हैं और वो बार-बार उन्हें पोछता हुआ दिख रहा है.

Back to top button