9 घंटे उड़ा प्लेन, अंदर बैठे थे 300 लोग, पर कहीं नहीं उतरा!

सोचिए आप फ्लाइट से अपने किसी रिश्तेदार के घर मिलने जा रहे हों. आपके अंदर वहां जाने का बहुत उत्साह हो, आप उनके लिए खास चीजें ले जा रहे हों. 9 घंटों तक आप प्लेन में रहें, 7000 किलोमीटर की यात्रा कर लें, मगर जब आप प्लेन से नीचे उतरें, तो वहीं पहुंच जाएं, जहां से आपने सफर शुरू किया था, तो आपको कैसा लगेगा? बेशक आप निराश होंगे. ऐसी ही निराशा हाल ही में ब्रिटिश एयरवेज़ (British Airways flight to nowhere) के यात्रियों को भी हुई जो 9 घंटों तक फ्लाइट में रहे पर अपने डेस्टिनेशन तक पहुंचने की जगह वो लौटकर अपने घर पहुंच गए.
न्यूयॉर्क पोस्ट वेबसाइट की रिपोर्ट के अनुसार सोमवार की सुबह ब्रिटिश एयरवेज़ की फ्लाइट 195 लंदन से अमेरिका के ह्यूस्टन (London to Houston flight return) जा रही थी. ये सफर 10 घंटे 20 मिनट का वक्त लेता है. बोइंग 787-9 ड्रीमलाइनर विमान लंदन से उड़ान भर चुका था. 5 घंटों से वो हवा में था. वो न्यूफाउंडलैंड के तट पर पहुंच रहा था. इस बीच प्लेन ने पूरा एटलांटिक महासागर पार कर लिया था. सफर ज्यादा नहीं बचा था. पर अचानक प्लेन को पायलट द्वारा मोड़ दिया गया और वो लौटने लगा. बताया गया कि एक छोटी-मोटी तकनीकी खामियों की वजह से प्लेन को मोड़ा जा रहा है.
जहां से उड़ा, वहीं लौटकर आया प्लेन
इसके बाद प्लेन ने फिर से पूरे एटलांटिक महासागर को पार किया और लंदन पहुंच गया. इस तरह प्लेन करीब 9 घंटों तक हवा में रहा और जाने-आने में उसे 7000 किलोमीटर की यात्रा तय कर लिया. प्लेन में 300 यात्री थे जो इस बात से निराश हुए कि उन्होंने जहां से सफर शुरू किया था, लौटकर वो उसी स्थान पर आ गए. फॉक्स न्यूज के अनुसार प्लेन को सुरक्षित लैंड करवाया गया. एयरलाइन ने समस्या का जिक्र नहीं किया पर सूत्रों से पता चला कि जेट के इंजन में कोई खामी थी. उसकी वजह से प्लेन की इस उड़ान में तो कोई मुश्किल नहीं आती, वो अमेरिका पहुंच जाता पर अगली उड़ान में मुश्किल आ सकती थी, इस वजह से प्लेन को लौटाना ही ठीक था.
एयरलाइन ने यात्रियों से मांगी माफी
एयरलाइन ने बताया कि उन्होंने यात्रियों से माफी मांगी और उन्हें अगली फ्लाइट में बुकिंग मुहैया कराई, साथ ही उन्हें रहने की सुविधा दी और अगर उनका कोई नुकसान हुआ, तो उसके भुगतान का भी भरोसा दिलाया. वन माइल एट अ टाइम वेबसाइट के ट्रैवल एक्सपर्ट्स ने अंदाजा लगाया कि फ्लाइट को लंदन लौटाकर इसलिए लाया गया होगा क्योंकि इंजन के निर्माता रॉल्स रॉयस होंगे और ब्रिटिश एयरवेज़ का कॉन्ट्रैक्ट रॉल्स रॉयस के साथ रहा होगा. कॉन्ट्रैक्ट से जुड़ा सारा इनपुट और सुविधाएं हीथ्रो एयरपोर्ट, इंग्लैंड में ही रही होंगी, इस वजह से प्लेन को लौटाया गया होगा.





