इन ‘5 हीरो’ की बदौलत टीम इंडिया ने हांगकांग में लहराया जीत का परचम
टीम इंडिया ने मंगलवार को एशिया कप के चौथे मुकाबले में हांगकांग को 26 रन से हरा दिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने निर्धारित 50 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 285 रन बनाए। जिसके जवाब में हांगकांग की पूरी टीम निर्धारित ओवरों में 8 विकेट खोकर 259 रन ही बना सकी और मैच हार गई। पहले बल्लेबाजी करने उतरी रोहित शर्मा और शिखर धवन की जोड़ी ने टीम इंडिया को अच्छी शुरुआत दिलाई, लेकिन 45 रन के स्कोर पर कप्तान रोहित शर्मा आउट हो गए। इसके बाद धवन ने पिच पर डटकर बेहतरीन पारी खेली। उन्होंने 120 गेंदों में 15 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 127 रन बनाए।
अंबाती रायुडू ने इस मुकाबले में 70 गेदों में 3 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 60 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। एहसान नवाज ने उन्हें 30वें ओवर की दूसरी गेंद पर कट विहाइंड आउट किया। 20 वर्षीय बाएं हाथ के तेज गेंदबाज खलील अहमद ने अपने डेब्यू मैच में कमाल का प्रदर्शन दिखाया। उन्होंने 10 ओवर में 48 रन देकर 3 विकेट झटके। इस दौरान उन्होंने हांगकांग के सलामी बल्लेबाज निजाकत खान (92) को एलबीडब्ल्यू आउट किया। खान ने 115 गेंदों में 12 चौकों और 1 छक्के की मदद से 92 रन की शानदार पारी खेली। अहमद ने उन्हें 36वें ओवर की चौथी गेंद पर आउट किया। इसके अलावा उन्होंने एहसान खान (22) और क्रिस्टोफर कार्टर (3) को पवेलियन का रास्ता दिखाया। बता दें कि निजाकत खान का विकेट गिरना टीम इंडिया के लिए वरदान साबित हुई नहीं तो मैच का नतीजा कुछ और होता।





