हैदराबाद स्टेडियम में बने मंदिर ने बदला टीम इंडिया का भाग्य, जानिए कैसे..?

जीवन के किसी भी क्षेत्र में जब किसी तरह की परेशानी आती है तो सब कुछ सही करने के लिए भगवान की शरण में जाना आम बात है और खेल भी इससे अछूता नहीं है। लेकिन एक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के अंदर मंदिर होना, थोड़ा अजीब लगता है। उप्पल के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में घुसते ही आपको ऐसा मंदिर दिखेगा। 
इस स्टेडियम में अभी भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरा टेस्ट मैच चल रहा है। इस मंदिर के पीछे की कहानी के बारे पूछे जाने पर पुजारी हनुमंत शर्मा ने कहा, ‘इस मंदिर का निर्माण 2011 में किया गया क्योंकि भारतीय टीम और आईपीएल की तत्कालीन स्थानीय फ्रेंचाइजी डेक्कन चार्जर्स इस मैदान पर मैच नहीं जीत रहे थे।’
उन्होंने कहा, ‘यह घरेलू टीमों के लिए अशुभ मैदान साबित हो रहा था। तब पाया गया यहां वास्तुदोष है। भगवान गणेश वास्तुशास्त्र के देवता हैं। आप 2011 के बाद का रिकॉर्ड देख लो, भारतीय टीम यहां कभी नहीं हारी।’
भारत ने इस मैदान पर अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच 2005 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेला और वनडे मैच में पांच विकेट से हार मिली। इसके बाद भारतीय टीम 2007 और 2009 में ऑस्ट्रेलिया से भी पराजित हो गई थी। भारत ने 14 अक्टूबर 2011 को यहां इंग्लैंड को हराया और श्रीलंका को भी छह विकेट से पराजित किया। इसी तरह से 2010 में न्यूजीलैंड के खिलाफ इस मैदान पर खेला गया पहला टेस्ट मैच ड्रॉ रहा था।
इसके बाद भारत ने यहां पर जो तीन टेस्ट मैच खेले उनमें बड़े अंतर से जीत दर्ज की। हनुमंत से पूछा गया कि क्या भारत का कोई दिग्गज खिलाड़ी यहां पूजा करने के लिए आता है, उन्होंने कहा, ‘महेंद्र सिंह धोनी अभ्यास सत्र के बाद यहां आकर भगवान गणेश का आशीर्वाद लेते हैं। जो अन्य नाम मेरे ध्यान में आ रहा है वह कर्ण शर्मा का है।’





