RJD रैली में तेजस्वी ने कहा- नीतीश ने पीठ में छुरा घोंपा, देना होगा जवाब
पटना. आरजेडी की ‘भाजपा भगाओ देश बचाओ’ रैली के लिए गांधी मैदान में भीड़ उमड़नी शुरू हो गई है। गांधी मैदान की ओर जा रहे सड़कों पर रैली में शामिल होने वालों का तांता लगा है। हजारों की संख्या में लोग गांधी मैदान में पहुंच रहे हैं। रैली में तेजस्वी यादव को प्रमोट किया जा रहा है। मुख्य मंच पर लगी एलईडी स्क्रीन पर विधानसभा में दिए गए तेजस्वी को भाषण को चलाया जा रहा है। रैली में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता भी पार्टी के झंडे के साथ पहुंचे हैं।

इनकम टैक्स गोलंबर पर फायरिंग
पटना के इनकम टैक्स गोलंबर पर कुछ युवकों ने लोकल गन से हवाई फायरिंग की है। आरजेडी कार्यकर्ता बताए जा रहे इन युवकों ने हवा में पटाखे वाली गोली चलाई और नारे लगाए। इस दौरान डीएसपी शिबली नोमानी से आरजेडी कार्यकर्ताओं की नोकझोंक भी हुई। पुलिस ने सभी युवकों को गिरफ्तार कर लिया है और इनके हथियार जब्त कर लिए गए हैं। पुलिस युवकों से पूछताछ कर रही है।
लाइव अपडेट
10:15 – गांधी मैदान में बनाए गए वाच टावर पर रैली में आए लोग चढ़ गए हैं। भीड़ को कंट्रोल करने में प्रशासन को परेशानी हो रही है।
10:25- जदयू से निष्कासित नेता रमई राम पहुंचे गांधी मैदान। मुख्य प्रवेश द्वार पर गाड़ी के प्रवेश के लिए पुलिस ऑफिसर से हुई नोकझोंक।
10:25 – खगौल आरओबी पर आरजेडी कार्यकर्ताओं से भरी बोलेरो ने ऑटो को मारी टक्कर। ऑटो में सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल।
10:35- रैली में शामिल होने के लिए पार्टी के झंडे के साथ सैकड़ों की संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता पहुंचे हैं।
10:45- लालू यादव ने कहा कि उनके लोगों को रोकने की काफी कोशिश की गई, लेकिन जनता की बाढ़ के सामने कोई नहीं टिक पाया। पूरा पटना आरजेडी के कार्यकर्ताओं से भर गया है।
10:55- कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद रैली में शामिल होने के लिए पटना पहुंच गए हैं। एयरपोर्ट पर आरजेडी और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
11:05- रैली में शामिल होने के लिए लालू यादव अपने आवास से काफिले के साथ निकले। उनके पीछे समर्थकों की भीड़ चल रही है।
11:15- उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का स्वागत करने के लिए बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता एयरपोर्ट पहुंचे।
11:25- रैली के चलते पटना की ट्रैफिक व्यवस्था चरमराई। कई सड़कों पर लगा भारी जाम।
11:35 - सगुना मोड़ पर आरजेडी कार्यकर्ताओं ने सिटी एसपी की मौजूदगी में किया हंगामा।
11:45- पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने कहा कि गांधी मैदान लोगों से भर गया है। जितने लोग गांधी मैदान में हैं उतने सड़क पर भी हैं।
11:55- रैली में शामिल होने के लिए समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव पटना पहुंचे। पार्टी कार्यकर्ताओं ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया।
12:05- लालू यादव, राबड़ी देवी और मीसा भारती गांधी मैदान स्थित मुख्य मंच पर पहुंच गए हैं। मंच पर चढ़ते ही लालू ने शरद यादव को गले लगाया।
12:05- लालू यादव, राबड़ी देवी और मीसा भारती गांधी मैदान स्थित मुख्य मंच पर पहुंच गए हैं। मंच पर चढ़ते ही लालू ने शरद यादव को गले लगाया।
12:15- उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम और सपा नेता अखिलेश यादव गांधी मैदान पहुंचे। लालू यादव ने उनका मंच पर स्वागत किया।
12:25- कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद और सीपी जोशी गांधी मैदान पहुंचे। झाविमो प्रमुख बाबू लाल मरांडी भी मंच पर मौजूद हैं।
12:35- मंच पर मौजूद अखिलेश यादव, हेमंत सोरेन, तेजस्वी यादव और तेज प्रताप यादव ने एक साथ हाथ उठाकर जनता का अभिवादन किया।
12:45- आरजेडी नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी ने कहा कि बाढ़ में जितने अधिक लोगों की मौत हुई है इससे सरकार की विफलता उजागर हो गई है।
12:55- JDU प्रवक्ता अजय आलोक ने कहा कि आज शाम तक शरद यादव पर कार्रवाई होने की पूरी संभावना है।
01:05- आरजेडी नेता रघुवंश प्रसाद सिंह ने कहा कि गठबंधन तोड़ना नीतीश कुमार की फितरत है। उन्होंने जनता के साथ विश्वासघात किया है।
01:15- पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि नीतीश कुमार ने भाजपा के साथ जाकर हमलोगों की पीठ में छुरा घोंपा। उन्होंने जनता के वोट का अपमान क्यों किया इसका जवाब देना होगा।
01:25- तेजस्वी ने कहा कि नीतीश ने अमित शाह के साथ मिलकर मुझ पर और मेरे परिवार पर केस दर्ज कराया।
01:35- पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी रैली में शामिल होने के लिए गांधी मैदान पहुंच गईं हैं। उनका काफिला पटना वीमेंस कॉलेज के पास जाम में फंस गया था।
01:45- तेजस्वी ने कहा- नीतीश कुमार ने सृजन घोटाले में सरकार का खजाना लुटवा दिया। घोटाले में बीजेपी और जेडीयू के लोग हैं शामिल।
01:55- गांधी मैदान में अधिक भीड़ जुट जाने से अव्यवस्था की स्थिति। पूर्वी गेट के पास बैरिकेडिंग टूटने से परेशान हुए पुलिस के जवान।





