जुआ खेलने को लेकर दो गुटों में रोड़ेबाजी और फायरिंग, भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात
गया. गया शहर के कोतवाली थाना के मारूफगंज मदरसा गली रोड में शनिवार की रात जुआ खेलने को लेकर दो गुटों में विवाद हो गया। फिर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान दोनों ओर से काफी देर तक जमकर रोड़ेबाजी होती रही। बताया जा रहा है कि इस बीच कई राउंड फायरिंग भी हुई। घटना में दोनों ओर से कई लोग घायल हुए हैं। इधर दो पक्षों के बीच तनाव और हिंसक झड़प के बाद कई थानों की पुलिस को तैनात कर दिया गया है।

पुलिस को बनाया निशाना…
पुलिस की टीम ने सड़क पर उतरे उपद्रवियों को हटाने का प्रयास किया तो भीड़ ने पुलिस को ही निशाना बनाकर रोड़ेबाजी करने लगी। रोड़ेबाजी में चार पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। घायलों में कोतवाली इंस्पेक्टर अजय कुमार, एसआई अनिल कुमार, सिटी डीएसपी का बॉडीगार्ड अमर कुमार और एक अन्य जवान शामिल है। इधर पुलिस टीम पर हमले से पूर्व की गई रोड़ेबाजी में तकरीबन आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं। घायलों के नामों का खुलासा नहीं हो सका है। शुक्रवार की रात भी दो पक्षों के बीच जमकर बवाल हुआ था।
इसे भी देखें:- अभी-अभी: पीएम मोदी ने पूरे देश को दिया ये अनमोल उपहार, पहले चरण का किया शुभारंभ
इस घटना को डीएम-एसएसपी ने गंभीरता से लेते हुए मुख्य घटनास्थल मिर्जा दोस्त लेन मदरसा गली और उसके आसपास के इलाकों को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया है। इन स्थानों पर बिहार मिलिट्री पुलिस के जवानों के अलावे बिहार रैपिड एक्शन फोर्स, सैप, जिला पुलिस की तैनाती की गई है। वहीं पुलिस अधिकारियों को पल-पल की खबर रखने के निर्देश दिए गए। वहीं सड़कों पर अशांति पैदा करने की कोशिश कर रहे तत्वों की भी फोटोग्राफी प्रशासन ने की है, हालांकि प्रशासन की हिदायत के बाद ये तत्व अपने-अपने घरों में जाने लगे थे।





