महाराष्ट्र में हुए भगदड़ हादसे पर, मोदी और कोविंद ने जताया शोक

नयी दिल्ली. राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुंबई के एलफिंस्टन रेलवे स्टेशन पर आज भगदड़ में कई लोगों की मौत होने पर गहरा दुख जताया है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। कोविंद ने यहां जारी संदेश में कहा “मुंबई में भगदड़ की घटना से बहुत दुखी हूं।

घटना में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रधानमंत्री ने भी मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। उन्होंने कहा कि वह स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।

सामने आई मुंबई हादसे की दर्दनाक तस्वीरें, भगदड़ में एक तरफ पड़ी थीं महिलाएं,तो दूसरी तरफ लदी थीं लाशें

मोदी ने ट्वीट किया मुंबई की स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है। रेल मंत्री पीयूष गोयल मुंबई में हैं और वह स्थिति पर नजर रखे हुए हैं तथा सभी तरह की सहायता सुनिश्चित कर रहे हैं।

गौरतलब है कि आज सुबह करीब साढ़े नौ बजे मुंबई के एलफिंस्टन रेलवे स्टेशन के फुट ओवर ब्रिज पर मची भगदड़ में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई और 30 अन्य घायल हो गये। प्राप्त जानकारी के अनुसार बारिश की वजह से बड़ी संख्या में यात्री रेलवे ब्रिज पर जमा हो गए थे और इसी दौरान शार्ट सर्किट की अफवाह के बाद अचानक भगदड़ मच गयी।

Back to top button