पति आनंद आहूजा के साथ हाथों में हाथ लिए आउटिंग पर निकलीं सोनम कपूर

मुंबई। सोनम कपूर इन दिनों अपनी आने वाली फ़िल्म ‘वीरे दी वेडिंग’ के प्रमोशन में जुटी हैं। इससे पहले सोनम कान फ़िल्म महोत्सव के लिए भी गयी थीं। ज़ाहिर है सोनम प्रोफेशनल मोर्चे पर काफी व्यस्त हैं। इन व्यस्तताओं के बीच सोमवार देर शाम सोनम कपूर थोड़ा वक्त चुराकर पति आनंद आहूजा के साथ वक्त गुजारती इन तस्वीरों में कैद हुई हैं।पति आनंद आहूजा के साथ हाथों में हाथ लिए आउटिंग पर निकलीं सोनम कपूर

याद दिला दें कि इसी महीने यानी 8 मई को सोनम कपूर ने अपने जिगरी दोस्त आनंद आहूजा से मुंबई में हुए एक कार्यक्रम में पंजाबी रीति रिवाज़ से शादी की थी। इस शादी में बॉलीवुड के तमाम दिग्गज सितारे पहुंचे। सोनम की शादी बॉलीवुड में एक फेस्टिवल की तरह मनाई गयी। सोनम के पति आनंद आहूजा दिल्ली बेस्ड कारोबारी हैं और शादी से पहले तकरीबन चार साल से वो और सोनम रिलेशनशिप में थे। बहरहाल, सोमवार देर शाम सोनम हाथों में हाथ लिए कुछ यूं अपने पति आनंद आहूजा के साथ नज़र आईं।

गौरतलब है कि शादी के बाद सोनम अपने ससुराल दिल्ली भी गयी थीं जहां से 14 मई को वो कान फ़िल्म फेस्टिवल में हिस्सा लेने के लिए चली गयी थीं। पहले कहा जा रहा था कि आनंद भी सोनम के साथ कान जायेंगे लेकिन, सोनम वहां अकेले ही गयी थीं। वहां से आने के बाद सोनम सीधे मुंबई लौटीं और अब वो अपनी आने वाली फ़िल्म ‘वीरे दी वेडिंग’ के प्रमोशन में जुट गयी हैं। इन सबके बीच सोमवार को वो पति आनंद के साथ नज़र आईं, इन तस्वीरों में आप देख सकते हैं सोनम कपूर कितनी खुश नज़र आ रही हैं। यह सभी तस्वीरें मुंबई के बांद्रा इलाके की हैं जहां यह जोड़ी एक रेस्तरां से निकलते हुए स्पॉट की गयी।

सोनम के हाथों और पैरों में अभी भी मेहंदी के रंग देखे जा सकते हैं। अनिल कपूर की यह अभिनेत्री बेटी बॉलीवुड की सबसे स्टाइलिश अभिनेत्रियों में गिनी जाती हैं। आउटफिट से लेकर अपने बयानों तक के लिए सोनम चर्चा में बनी रहती हैं। एक्टिंग तो ज़बर्दस्त करती ही हैं। ‘नीरजा’ जैसी फ़िल्म के लिए राष्ट्रिय पुरस्कार तक जीत चुकी हैं सोनम। यहां यह भी बता दें कि सोनम जब राष्ट्रिय पुरस्कार लेने के लिए दिल्ली गयी थीं तब उनके साथ पापा अनिल कपूर ही नहीं आनंद आहूजा भी मौजूद थे। तभी से दोनों की शादी को लेकर कयास लगने शुरू हो गए थे।

बहरहाल, इन तस्वीरों में आप देख सकते हैं कि सोनम कपूर और आनंद आहूजा की जोड़ी एक साथ बेहद खूबसूरत नज़र आती है। शादी के पहले भी यह जोड़ी अक्सर टाइम स्पेंट करते, देश से लेकर विदेश तक में छुट्टियां मनाते नज़र आती रही है। सोनम और आनंद के इन्स्टाग्राम अकाउंट पर भी उन पलों की ऐसी कई तस्वीरें हैं। पिछले दिनों सोनम जब कान फ़िल्म महोत्सव से अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कर रही थीं तो लगभग हर तस्वीर पर आनंद आहूजा के कमेन्ट भी आ रहे थे, जिसमें उन्होंने यह भी लिखा कि वो उन्हें मिस कर रहे हैं।

‘वीरे दी वेडिंग’ की बात करें तो इस फ़िल्म में सोनम कपूर के साथ करीना कपूर ख़ान और स्वरा भास्कर भी हैं। करीना लगभग तीन साल के बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रही हैं। उनके लिए भी यह फ़िल्म बेहद अहम है। फ़िल्म का ट्रेलर काफी पसंद किया जा रहा है। फ़िल्म के कुछ गाने भी बेहद लोकप्रिय हो रहे हैं। सोनम की शादी के बाद एक और वेडिंग यानी उनकी फ़िल्म ‘वीरे दी वेडिंग’ के लिए तैयार हो जाइए। यह फ़िल्म 1 जून को रिलीज़ हो रही है।

Back to top button