SLvIND Live: लंच तक टीम इंडिया का स्कोर 503/7, प्रदीप ने झटके 5 विकेट

टीम इंडिया की गुरुवार को श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट के दूसरे दिन के पहले सत्र में शुरुआत अच्छी नहीं रही है। लंच तक टीम इंडिया ने 117 ओवर में 7 विकेट पर 503 रन बना लिए हैं। डेब्यू करने वाले हार्दिक पांड्या 4* और रविंद्र जडेजा 8* रन बनाकर क्रीज पर जमे हुए हैं। भारत ने पहले सत्र में 104 रन बनाए और चार विकेट गंवाए। श्रीलंका के तेज गेंदबाज नुवान प्रदीप ने पांच विकेट लिए। 
SLvIND Live: लंच तक टीम इंडिया का स्कोर 503/7, प्रदीप ने झटके 5 विकेट
 
टीम इंडिया ने गॉल स्टेडियम पर दूसरे दिन अपनी पारी 399/3 से आगे बढ़ाई। चेतेश्वर पुजारा और रहाणे ने स्कोर को जल्द ही 400 पार लगाया। आक्रामक मोड में खेल रहे पुजारा में अपने 150 रन पूरे किए जबकि रहाणे ने भी अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद नुवान प्रदीप ने टीम इंडिया का सबसे कीमती विकेट निकाला। उन्होंने पुजारा को विकेटकीपर डिकवेला के हाथों की शोभा बनाया। दाएं हाथ के बल्लेबाज पुजारा ने 265 गेंदों में 13 चौको की मदद से 153 रन बनाए। 

रहाणे ने अपने टेस्ट करियर का 12वां अर्धशतक जमाया। उन्होंने रंगना हेराथ द्वारा किए पारी के 97वें ओवर की तीसरी गेंद पर स्ट्रैट ड्राइव लगाकर चौका जमाया और फिफ्टी पूरी की। रहाणे ने अपनी सजीली अर्धशतकीय पारी में तीन बार गेंद को सीमा रेखा के पार भेजा। अर्धशतक पूरा करने के बाद रहाणे भी पवेलियन लौट गए। उन्होंने लहिरू कुमार की गेंद पर ड्राइव लगाने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले का बाहरी किनारा लेकर स्लिप में मौजूद करुनारात्ने के हाथों में गई। करुनारात्ने ने दाएं साइड डाइव लगाकर रहाणे का अच्छा कैच लपका।

इसके बाद रविचंद्रन अश्विन (47) और ऋद्धिमान साहा (16) ने छठे विकेट के लिए 59 रन की साझेदारी की और टीम को 500 रन के आंकड़े के करीब पहुंचाया। अश्विन ने अपनी पारी में कुछ दर्शनीय शॉट खेले। उन्होंने 60 गेंदों में 7 चौको की मदद से 47 रन बनाए। श्रीलंका के तेज गेंदबाज नुवान प्रदीप ने बाउंसर पर अश्विन का कैच विकेटकीपर डिकवेला के हाथों कराया और अपना पांचवा शिकार पूरा किया। इससे पहले हेराथ ने साहा को मिडऑन पर परेरा के हाथों की शोभा बनाया था।

श्रीलंका की तरफ से नुवान प्रदीप ने पांच और लहिरू कुमार ने एक विकेट लिया है। हेराथ को 31 ओवर की गेंदबाजी करने के बाद विकेट मिला।

Back to top button