शोएब अख्तर ने कही भारत के गेंदबाजों के बारे में ये बड़ी बात

नई दिल्ली। भारत के तेज गेंदबाजी आक्रमण की पिछले कुछ दिनों से काफी चर्चा हो रही है और हाल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया है लेकिन शोएब अख्तर इसे सिर्फ एक शुरुआत के रूप में देखते हैं जिन्हें अच्छे तेज गेंदबाजों वाला देश बनने के लिए अभी लंबा सफर तय करना है.शोएब अख्तर ने कही भारत के गेंदबाजों के बारे में ये बड़ी बात

लंबे समय के बाद भारत ने तेज गेंदबाजों का अच्छा पूल बनाया है और इनमें से पांच- इशांत शर्मा, उमेश यादव, मोहम्मद शमी, भुवनेश्वर कुमार और जसप्रीत बुमराह- दक्षिण अफ्रीका में टीम के साथ हैं.

क्या यह भारत के सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाजी आक्रमण में से एक है? यह पूछने पर अख्तर ने कहा कि मैं ऐसा नहीं कहूंगा. मैं कहूंगा कि वे धीरे धीरे सुधार कर रहे हैं और भारत के एक अच्छा गेंदबाजों वाला देश कहने से पहले लंबा सफर तय करना है. 

उन्होंने कहा कि पांच साल पहले, मैंने सोचा था कि वरूण आरोन, उमेश यादव और मोहम्मद शमी विदेशी दौरों पर भारत की तेज गेंदबाजी की अगुवाई करेंगे. अख्तर ने कहा कि लेकिन ऐसा नहीं हुआ, आरोन के साथ फिटनेस के मुद्दे रहे, यादव ने टुकड़ों में प्रदर्शन किया और कभी कभार वह काफी खराब रहे जैसे वहाब रियाज. लेकिन उनका मानना है कि गेंदबाजों का मौजूदा प्रदर्शन अच्छा ‘संकेत’ है. उन्होंने कहा कि और विराट कोहली और टीम प्रबंधन की जो सोच दिखती है, उससे लगता है कि वे बेहतर ही होंगे.

Back to top button