बीजेपी की प्रबंधन समिति की बैठक के बाद लिए गए कई अहम फैसलें

जयपुर: राजस्थान में जैसे जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं वैसे ही प्रदेश की दोनों बड़ी पार्टियां अपनी रणनीतियों पर काम करने लगी है और चुनावों में जीतने के लिए हर तरह की कोशिशों में जुटी हुई है. इसी बीच बुधवार को जयपुर दौरे पर पहुंचे अमित शाह ने प्रबंधन समिति की बैठक में कई बड़े फैसले लिए. इसी दौरान यह फैसला भी लिया गया कि इस बार जिलाध्यक्ष चुनावों में नहीं लड़ेंगे और अगर उन्हें चुनाव लड़ना है तो अपने पदों का त्याग करना होगा और इसके बाद भी इस बात की कोई गारंटी नहीं रहेगी कि टिकट मिलेगी या नहीं. 

पार्टी के प्रदेश कार्यालय में बुधवार को बीजेपी राष्ट्री अध्यक्ष अमित शाह की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस फैसले पर सहमति बनी. इसके अलावा चुनावों को ध्यान में रखते हुए मीटिंग के दौरान 3 कमेटियों की भी घोषणा की गई. बैठक के बाद गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया ने पत्रकारों को बताया कि पार्टी ने प्रवास, अर्थ और घोषणा पत्र समिति गठित की है. प्रवास समिति में ओंकार सिंह लखावत और घोषणा पत्र समिति में ग्रामीण विकास-पंचायत राज मंत्री राजेंद्र राठौड़ संयोजक होंगे.

वहीं, अर्थ समिति में खुद गुलाबचंद कटारिया, अशोक परनामी, रामकुमार भूतड़ा और सांसद ओम बिड़ला होंगे. प्रबंधन समिति की हर 15 दिनों में बैठक होंगी. कटारिया ने दावा किया कि पार्टी ने सुराज गौरव पत्र में किए गए 90 प्रतिशत वादे पूरे कर दिए हैं. गौरतलब है कि बुधवार को आयोजित हुई प्रबंधन कमेटी की बैठक इस बार की पहली बैठक थी. 

Back to top button