सिपाही भर्ती 2018: इलाहाबाद और सहारनपुर में पकड़ा गया फर्जी इनविजिलेटर

सिपाही भर्ती परीक्षा-2018 में सेंधमारी की कोशिश को नाकाम करते हुए बृहस्पतिवार को प्रयागराज और सहारनपुर से चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही व्हाट्सएप से पेपर बाहर भेजने के आरोप में खंदौली के एक कॉलेज संचालक समेत छह लोगों को हिरासत में लिया गया।  

एसटीएफ के एसएसपी अभिषेक सिंह ने बताया कि प्रयागराज के आरबीएस इंटर कॉलेज करेली में फर्जी आधार कार्ड के सहारे ड्यूटी करने वाले तीन संदिग्ध कक्ष निरीक्षकों के बारे में जानकारी मिली थी। इसके बाद कॉलेज के कक्ष संख्या 16 व 17 का बायोमीट्रिक ऑपरेटर महेंद्र सिंह, कक्ष निरीक्षक दीपेंद्र और पवन को गिरफ्तार कर लिया गया।

एसएसपी ने बताया कि महेंद्र सिंह पुत्र जगतपाल सिंह निवासी बाकरगंज थाना सैनी, जनपद कौशाम्बी ने दिवाकर साहू, जनुआडीह कला गोरिगो थाना फूलपुर के नाम से फर्जी आधार कार्ड बनवाकर अपनी फोटो लगवाई थी। फर्जी आधार कार्ड बनवाने और परीक्षा में ड्यूटी लगवाने में कक्ष निरीक्षक दीपेंद्र पटेल निवासी फूलपुर और पवन कुमार पांडेय निवासी कच्ची सड़क दारागंज की भूमिका पाई गई।

इसके बाद एसटीएफ ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया। इनके खिलाफ करेली थाने में 556/2018 धारा 419/ 420/ 467/ 468/ 469/471 आईपीसी एवं 66ए, आईटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। आधार कार्ड पर महेंद्र की फोटो लगाने वाला स्टूडियो मालिक गुलाब व दिवाकर साहू की तलाश की जा रही है। 

 उधर, सहारनपुर में चिलकाना रोड स्थित लॉर्ड महावीरा कॉलेज में सैफ अली के स्थान पर उसके भाई अफसर को परीक्षा देते पकड़ा गया। वहीं, आगरा के खंदौली में कॉलेज संचालक ने परीक्षा समाप्त होने से आधा घंटा पहले पेपर व्हाट्सएप से बाहर पांच युवकों को भेज दिया। एसटीएफ इन सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।  

अभिलेख सत्यापन को इस बार पांच गुना केंद्र

परीक्षा के बाद जल्द ही परिणाम घोषित कर अभ्यर्थियों को अभिलेखों के सत्यापन और शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा। इसके लिए इस बार पिछली बार के मुकाबले पांच गुना अधिक केंद्र बनाए जाएंगे। भर्ती बोर्ड के चेयरमैन ने बताया कि पिछली भर्ती में केवल 8 जोनल मुख्यालयों पर ही केंद्र बनाए गए थे। इस बार 40 से 50 जिलों में यह प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि इससे कम समय में अभिलेखों के सत्यापन और शारीरिक दक्षता परीक्षा हो सकेगी। इसका लाभ अभ्यर्थियों को भी होगा। उन्हें अपने गृह जनपद या गृह जनपद के नजदीक  ही बुलाया जाएगा।
Back to top button