कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद ऑस्कर फर्नांडिस का 80 वर्ष की आयु में निधन…

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद ऑस्कर फर्नांडिस का सोमवार को 80 वर्ष की आयु में निधन हो गया. फर्नांडिस योग करते हुए गिर गए थे, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया था. गांधी परिवार के करीबी रहे फर्नांडिस पूर्व यूपीए सरकार में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री रह चुके थे. साथ ही राजीव गांधी के संसदीय सचिव भी रहे. फर्नांडिस को योग करना पसंद था और संसद में वह इसके फायदे भी गिना चुके थे.

ऑस्कर फर्नांडिस कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी के भी काफी करीबी नेताओं में रहे. केंद्रीय मंत्री बनाए जाने के अलावा, उन्हें सेंट्रल इलेक्शन अथॉरिटी का चेयरमैन भी बनाया गया था. इसके अलावा, पूर्व में वह एआईसीसी के जनरल सेक्रेटरी के पद पर भी रह चुके हैं. ऑस्कर कर्नाटक के उडुपी जिले से साल 1980 में पहली बार सांसद चुने गए, जिसके बाद वह पांच बार लोकसभा के सांसद बने. इसके बाद साल 1999 में हार मिलने के बाद फर्नांडिस को कांग्रेस आलाकमान ने राज्यसभा भेजा और फिर वह कई बार राज्यसभा के सांसद रहे.

जब संसद में गिनाए थे योग के फायदे

पिछले साल मार्च में ऑस्कर फर्नांडिस ने राज्यसभा में भाषण दिया था, जिसमें उन्होंने योग के फायदे गिनवाए थे. उन्होंने सदन में बताया था कि किस तरह से गोमूत्र की वजह से एक शख्स को जिंदगी मिली. यह भी बताया कि योग की वजह से ही वह आज सही तरीके से खड़े हो पा रहे हैं.

राज्यसभा में राष्ट्रीय भारतीय आयुर्विज्ञान प्रणाली आयोग विधेयक 2019 और राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग विधेयक 2019 पर चर्चा के दौरान फर्नांडिस ने यह बयान दिया था. उन्होंने कांग्रेस सांसद जयराम रमेश का जिक्र करते हुए कहा था कि वह मेरी खिंचाई करते हैं जब मैं गोमूत्र की बात करता हूं.

‘योग की वजह से खड़ा हो पा रहा हूं’

कांग्रेस नेता ने संसद में किस्सा सुनाते हुए कहा था कि मैं खेती कर रहा था और फिर सांसद चुना गया तो मुझे दोनों में एक चुनना था और मैंने खेती छोड़ दी. उन्होंने बताया था कि इसी दौरान मेरे घुटने पर काफी दर्द होता था कि सीढ़ी तक नहीं चढ़ पाता था. फिर मैंने वज्रासन करना शुरू किया और अब अच्छे तरीके से कोई भी काम कर सकता हूं.

Back to top button