ICC WXI vs WI: इंटरनैशनल में डेब्यू करने वाले पहले क्रिकेटर बने संदीप लामिछाने
वेस्ट इंडीज और आईसीसी वर्ल्ड इलेवन के बीच खेले गए मैच में नेपाल के युवा क्रिकेटर संदीप लामिछाने ने एक नया रेकॉर्ड अपने नाम कर लिया। तूफान की वजह से नुकसान झेल रहे लोगों की मदद के लिए हुए इस मैच में खेलकर 17 साल के संदीप पहले ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं जिन्होंने किसी ‘मिक्स’ टीम के लिए खेलते हुए अपने इंटरनैशनल करियर का आगाज किया है। बता दें कि ‘वर्ल्ड इलेवन, एशिया इलेवन और अफ्रीका इलेवन’ को मिक्स टीम कहा जाता है। 
इससे पहले संदीप एक रेकॉर्ड पहले ही अपने नाम कर चुके है। दरअसल, हाल में संपन्न हुई इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में खेलने वाले वह पहले नेपाली खिलाड़ी थे। उन्हें दिल्ली डेयरडेविल्स ने 20 लाख रुपये में खरीदा था। 12 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने काठमांडु दौरे पर भाषण देते हुए संदीप का भी जिक्र किया था।
संदीप पर दुनिया की नजर सबसे पहली बार साल 2016 में पड़ीं थीं। तब उन्होंने अंडर 19 वर्ल्ड कप में आयरलैंड के खिलाफ हैट-ट्रिक ली थी। तब ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कैप्टन माइकल क्लार्क ने उन्हें ट्रेनिंग देनी शुरू कर दी थी। तब से संदीप को क्लार्क की ही खोज भी कहा जाने लगा था। संदीप की ट्रेनिंग में रिकी पॉन्टिंग ने भी अहम रोल अदा किया है।
क्या रहा मैच का हाल
लॉर्ड्स के मैदान पर खेले गए अनोखे टी20 मुकाबले में वेस्ट इंडीज की टीम आईसीसी वर्ल्ड इलेवन पर भारी पड़ी। वेस्ट इंडीज टीम ने पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर 4 विकेट पर 199 रन बनाए। जवाब में वर्ल्ड इलेवन की टीम 16.4 ओवर में 127 रन ही बना सकी। इस मैच में संदीप ने वर्ल्ड इलेवन की तरफ से एक ओवर फेंका था, जिसमें उन्हें कोई विकेट नहीं मिला था। उन 6 गेंदों पर संदीप ने 12 रन दिए। संदीप को बल्लेबाजी का भी मौका मिला, जिसमें उन्होंने 5 गेंदों पर 4 रन बनाए।





