RTI का बड़ा खुलासा: मोदी सरकार ने अपनों में बांटी रेवड़ी, दिल्ली के पॉश इलाके में दिए बंगले

केन्द्र की मोदी सरकार ने विभिन्न राज्यों के 7 मुख्यमंत्रियों को दिल्ली के लुटियंस जोन में सरकारी बंगला दे रखा है. गौर करने वाली बात ये है कि ये मुख्यमंत्री या तो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के हैं या फिर बंगला आवंटित किए जाने के समय एनडीए में शामिल थे. एक आरटीआई से मिली जानकारी के मुताबिक, इन 7 मुख्यमंत्रियों को दिल्ली के लुटियंस जोन में सरकारी बंगला आवंटित किया गया है. मोदी सरकार के आने के बाद लुटियंस जोन में नियम के खिलाफ रह रहे नेताओं से बंगले खाली कराने के बाद मोदी सरकार ने अपने करीबियों को बंगला आवंटित किए हैं.
आरटीआई के बाद मंत्रालय से मिली जानकारी के अनुसार त्रिपुरा के सीएम बिप्लब देब को दिल्ली में 6, तालकटोरा रोड बंगला आवंटित किया गया है. सीएम बिप्लब देब को 24 अप्रैल 2018 को 6, तालकटोरा रोड लुटियन जोन में टाइप 6 बी बंगला आवंटित किया गया था. तेलंगाना के सीएम के चंद्रशेखर राव को वर्ष 2015 में 23, तुगलक रोड टाइप- 8 बंगला आवंटित किया गया है. आंध्र प्रदेश के सीएम एन चंद्रबाबू नायडू को साल 2016 में 7,सफदरजंग रोड टाइप- 8 बंगला दिया गया है. असम के सीएम सर्वानंद सोनोवाल को वर्ष 2016 में 29, कैनिंग लेन टाइप 6 बी बंगला आवंटित किया गया है.
झारखंड के मुख्यमंत्री रघुबर दास को वर्ष 2015 में एबी -13, मथुरा रोड टाइप 7 बंगला दिया गया है. वहीं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को साल 2017 में 6, के कामराज लेन, टाइप- 7 बंगला दिया गया था.जबकि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को साल 2017 में एबी -1, पुराना किला रोड, टाइप 7 बंगला दिया गया था.





