इंग्लैंड के खिलाफ रॉस टेलर की हुई न्यूजीलैंड की टीम में वापसी

न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के सीनियर बल्लेबाज रोस टेलर को इंग्लैंड खिलाफ पहले टेस्ट क्रिकेट मैच के लिये फिट घोषित कर दिया गया है. टेलर ग्रोइन की चोट और पेट में संक्रमण से जूझ रहे थे लेकिन न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने कहा कि उन्होंने बिना किसी परेशानी के प्रैक्टिस सेशन में हिस्सा लिया.

विलियमसन ने कहा, ‘‘वह फिट है और यह हमारे लिये बहुत अच्छी खबर है. रोसो (टेलर) जब भी क्रीज पर उतरता है तो शानदार प्रदर्शन करता है. उसके रहने से क्रीज पर धैर्य और आत्मविश्वास बना रहता है.’’

विलियमसन ने कहा कि मिशेल सैंटनर की जगह टाड एस्टल स्पिनर के रूप में टीम में जगह बनाएंगे जबकि बीजे वाटलिंग की विकेटकीपर के रूप में वापसी हुई है. वाटलिंग कूल्हे की चोट के कारण दिसंबर में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट मैचों में नहीं खेल पाये थे.

हरभजन ने कर दिया ऐसा काम, विराट हों या धवन, सबने किया सलाम,

इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच यह डे-नाइट टेस्ट मैच होगा. न्यूजीलैंड ने इससे पहले 2015 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फ्लड लाइट्स में टेस्ट मैच खेला था जिसमें उसे हार का सामना करना पड़ा था.

इंग्लैंड दो बार गुलाबी गेंद से टेस्ट मैच खेल चुका है. उसने अगस्त में वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू सरजमीं पर जीत दर्ज की थी लेकिन दिसंबर में वह एडिलेड ओवल में ऑस्ट्रेलिया से हार गया था.

Back to top button