RJD ने चुनावी बॉन्ड योजना रद्द करने के उच्चतम न्यायालय के फैसले का किया स्वागत

पटना: बिहार में मुख्य विपक्षी दल राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने चुनावी बॉन्ड योजना (Electoral Bond Scheme) को रद्द करने के उच्चतम न्यायालय (Supreme Court) के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि यह फैसला लोकतंत्र को मजबूत करेगा और इस प्रणाली में जनता का विश्वास सुनिश्चित करेगा। 

“यह फैसला लोकतंत्र को मजबूत करेगा”
राजद के प्रदेश प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा, ‘‘हम (राजद) उच्चतम न्यायालय के इस फैसले का स्वागत करते हैं। यह फैसला लोकतंत्र को मजबूत करेगा और निश्चित रूप से जनता का इस प्रणाली में विश्वास सुनिश्चित करेगा। यह निर्णय एक पारदर्शी चुनावी प्रक्रिया भी सुनिश्चित करेगा।” उन्होंने कहा, ‘‘यह योजना असंवैधानिक थी और यही कारण है कि इस योजना को उच्चतम न्यायालय ने रद्द कर दिया। 

यह योजना गुमनाम दानदाताओं से केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा को फायदा पहुंचाने के लिए लाई गई थी। यह सच्चाई है कि इस योजना के तहत अधिकांश धन भाजपा को प्राप्त हुआ था। यह उच्चतम न्यायालय का ऐतिहासिक फैसला है।” उच्चतम न्यायालय ने चुनावी बॉन्ड योजना को यह कहते हुए रद्द कर दिया कि यह संविधान के तहत सूचना के अधिकार और भाषण और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के अधिकार का उल्लंघन करती है। 

Back to top button