रघुनाथ झा के निधन पर राजद में शोक, CM नीतीश ने भी जताई संवेदना
पटना। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ राजद नेता रघुनाथ झा का सोमवार को नई दिल्ली में निधन हो गया। उनके निधन पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित कई नेताओं ने शोक जताया है। मुख्यमंत्री नीतीश ने रघुनाथ झा को कुशल राजनेता एवं कर्मठ समाजसेवी बताया। कहा कि उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र को अपूरणीय क्षति हुई है। उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुनाथ झा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए इसे बिहार की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की तथा समर्थकों व परिजनों को धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की। पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुनाथ झा के निधन पर केन्द्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री राम कृपाल यादव ने शोक प्रकट करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा को शांति प्रदान करने की प्रार्थना की।
राजद नेताओं की बात करें तो पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, विधायक तेजप्रताप यादव एवं सांसद मीसा भारती ने संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि रघुनाथ झा के निधन से राजद परिवार को बड़ी क्षति हुई है। सामाजिक न्याय और धर्मनिरपेक्षता की जड़ों को मजबूत करने में उनकी बड़ी भूमिका थी। लालू प्रसाद से मुलाकात के लिए रांची गए तेजस्वी यादव ने रघुनाथ झा के निधन की सूचना उन्हें दी। राजद के प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र पूर्वे, विधायक भोला यादव, शक्ति सिंह यादव एवं प्रवक्ता चितरंजन गगन ने भी रघुनाथ झा के निधन पर शोक जताया है।





