Rishabh pant को उपकप्‍तानी से हटाए जाने पर गौतम गंभीर ने तोड़ी चुप्‍पी

 अफगानिस्‍तान के खिलाफ इकलौते टेस्‍ट मैच से पहले शुक्रवार को हेड कोच गौतम गंभीर प्रेस कॉन्‍फ्रेंस के लिए आए। इस दौरान उन्‍होंने कई सवालों के जवाब दिए। गंभीर ने यह भी बताया कि आखिर ऋषभ पंत को उपकप्‍तानी से क्‍यों हटाया गया। भारत और अफगानिस्‍तान के बीच 6 जून से टेस्‍ट मैच की शुरुआत होगी। यह मुकाबला मुल्‍लांपुर में खेला जाएगा।

गंभीर ने तोड़ी चुप्‍पी

प्रेस कॉन्‍फ्रेंस में गंभीर ने आखिरकार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत की जगह केएल राहुल को टेस्ट उप-कप्तान बनाए जाने पर अपनी चुप्पी तोड़ी। उन्‍होंने कहा कि अनुभवी बल्लेबाज को मैच की परिस्थितियों का सम्मान करना चाहिए। गंभीर ने कहा, “हम नहीं चाहते कि ऋषभ पंत बदलें, लेकिन इंटरनेशनल क्रिकेट में खिलाड़ियों से मैच की परिस्थितियों का सम्मान करने की अपेक्षा की जाती है।”

भारत को मिली थी हार

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत की आखिरी टेस्ट सीरीज में मेजबान टीम को प्रोटियाज ने 0-2 से करारी शिकस्त दी थी। इस दौरान पंत के प्रदर्शन की जमकर आलोचना हुई थी। गुवाहाटी में खेले गए दूसरे टेस्ट में आक्रामक बाएं हाथ के बल्लेबाज ने गुस्से में आकर अपना विकेट गंवा दिया, जिससे सभी लोग बेहद नाराज हुए। गंभीर ने कहा कि बल्लेबाज को उनका पूरा समर्थन है, लेकिन उन्हें खेल की स्थिति को बेहतर ढंग से समझना होगा।

50वां टेस्‍ट खेलेंगे पंत

अफगानिस्‍तान के खिलाफ टेस्‍ट में अगर पंत को मौका मिलता है तो यह उनके करियर का 50वां टेस्‍ट होगा। इसके साथ ही वह किरण मोरे का रिकॉर्ड तोड़ देंगे। अगस्‍त 2018 में टेस्‍ट डेब्‍यू करने वाले पंत ने अब तक खेले 49 टेस्‍ट की 86 पारियों में 3476 रन बनाए हैं। इस दौरान विकेटकीपर बल्‍लेबाज की औसत 42.91 की और स्‍ट्राइक रेट 74.24 की रही है। क्रिकेट के इस सबसे बड़े प्रारूप में पंत ने 18 अर्धशतक के साथ ही 8 शतक भी लगाए हैं।

सर्वाधिक टेस्‍ट खेलने वाले भारतीय विकेटकीपर

एमएस धोनी: 90 मैच
सैयद किरमानी: 88 मैच
ऋषभ पंत: 49 मैच
किरण मोरे: 49 मैच
फारुख इंजीनियर: 46 मैच
नयन मोंगिया: 44 मैच

Back to top button