अभी-अभी: टीम इंडिया के इस तेज गेंदबाज के नाम दर्ज हुआ शर्मनाक रिकॉर्ड

टीम इंडिया के युवा तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने श्रीलंका के खिलाफ रविवार को वानखेड़े स्टेडियम में 45 रन देकर एक विकेट लिया। इसी के साथ सिराज के नाम एक शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया। दरअसल, अपने करियर के शुरुआती दो टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में सबसे ज्यादा रन खर्च करने के मामले में सिराज टीम इंडिया की तरफ से नंबर-1 बन गए हैं।
जी हां, सिराज ने दो टी20 इंटरनेशनल में कुल 98 रन लुटाए। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने अपने पहले टी20 मैच में 53 रन खर्च किए थे। सिराज ने इस ‘महंगे’ क्लब में आशीष नेहरा को पीछे छोड़ दिया, जिनके नाम पहले यह शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज था। नेहरा ने पहले दो मैचों में 96 रन लुटाए थे।

वैसे वर्ल्ड लेवल पर देखा जाए तो सिराज तीसरे स्थान पर हैं। टी20 इंटरनेशनल में शुरुआती दो मैचों में सर्वाधिक रन लुटाने का रिकॉर्ड बैरी मैकार्थी के नाम दर्ज हैं। मैकार्थी ने 102 रन खर्च किए थे। इंग्लैंड के अनुभवी तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने करियर के पहले दो टी20 में 101 दिए थे। 

टीम इंडिया ने रविवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में तीसरे व अंतिम टी20 इंटरनेशनल में श्रीलंका को 5 विकेट से हरा दिया। इसी के साथ टीम इंडिया ने तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में श्रीलंका का 3-0 से क्लीन स्वीप किया। टीम इंडिया ने अजय रहते हुए साल का अंत किया।

 
Back to top button