धुरंदर ऑलराउंडर इरफान पठान की वापसी, इस लीग में आयेंगे नज़र

भारत के पूर्व ऑलराउंडर खिलाड़ी और वर्तमान में यूएई में आयोजित आईपीएल में कमेंटेटर की भूमिका निभा रहे इरफान पठान ने कहा है कि वो लंका प्रीमियर लीग में कैंडी टस्कर्स फ्रेंचाइजी की तरफ से खेलते नजर आएंगे। इस टीम में कई बड़े दिग्गज शामिल हैं जिसमें वेस्टइंडीज के महान खिलाड़ी क्रिस गेल, कुसाल परेरा, श्रीलंका के टी-20 स्पेशलिस्ट कुशल मेंडिस, नुवान प्रदीप और इंग्लैंड के तेज गेंदबाज लियाम प्लेंकेट के नाम शामिल हैं। कैंडी टस्कर्स टीम के कोचिंग स्टाफ में श्रीलंका के पूर्व कप्तान हसन तिलकरत्ने का नाम भी शामिल है।

इस साल की शुरुआत में इंटरनेशनल क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट से संन्यास लेने वाले 36 साल के इरफान पठान ने टीम इंडिया की तरफ से 29 टेस्ट, 120 वनडे और 24 टी-20 मैच खेले हैं। उन्होंने इस मौके पर कहा कि, ”हमारी नजरें इस टूर्नामेंट को जीतने पर हैं। मैं एलपीएल में कैंडी टस्कर्स फ्रेंचाइजी का हिस्सा बनकर काफी रोमांचित महसूस कर रहा हूं। हमारी टीम में कुछ बेहतरीन खिलाड़ी शामिल हैं जिनके साथ खेलने में काफी मजा आएगा।”

कैंडी फ्रेंचाइजी के मालिक सोहेल खान ने कहा कि, ”इरफान पठान के टीम में शामिल होने से न केवल टीम को मजबूती मिलेगी बल्कि उनका अनुभव पूरी टीम के लिए काफी फायदेमंद साबित होने वाला है।” बता दें कि इस साल एलपीएल का आयोजन 21 नवंबर से 13 दिसम्बर के बीच होने वाला है। यह पूरा टूर्नामेंट दो मैदानों पर खेला जाएगा जिसमें हम्बनटोटा का महिंदा राजपक्षे इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम और कैंडी का पल्लकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम शामिल है। 

Back to top button