समाजवादी पार्टी ने आरोप लगाते हुए कहा- हटाया जा रहा है समर्थकों का नाम…

लखनऊ। समाजवादी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ की नवगठित प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में भाजपा पर आरक्षण व्यवस्था समाप्त करने की साजिश का आरोप लगाते हुए कहा कि सपा समर्थकों का नाम मतदाता सूचियों से हटाने का विरोध किया जाएगा। गुरुवार को पार्टी मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में बूथ कमेटियों का गठन सुनिश्चित करने के साथ जिला एवं मंडल प्रभारी बनाकर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में जुटने को कहा गया। अपने संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल केंद्र व प्रदेश सरकारों पर बरसे।समाजवादी पार्टी ने आरोप लगाते हुए कहा- हटाया जा रहा है समर्थकों का नाम...

उत्तम ने पिछड़ा वर्ग की सभी 80 जातियों व उपजातियों से अपनी संगठन शक्ति को प्रभावशाली बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा पिछड़ा वर्ग के सपा समर्थक वोटरों को वोटर लिस्ट से बाहर करने की साजिश कर रही है। उन्होंने विधानसभा स्तर पर सम्मेलन आयोजित पर भी बल दिया। बैठक में भाजपा पर आरक्षण नीति खत्म करने का कुचक्र रचने का आरोप लगाते हुए वक्ताओं ने विश्वविद्यालयों में नियुक्ति की रोस्टर प्रणाली से पिछड़े वर्ग के हित प्रभावित होने की बात भी कही।

भाजपा पर बदले की भावना से सपा कार्यकर्ताओं पर फर्जी मुकदमे लगवाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि जनता महंगाई, बेरोजगारी से त्रस्त है और वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में करारा सबक सिखाएगी। बैठक का संचालन ओम प्रकाश वर्मा ने किया। पूर्व मंत्री शंखलाल माझी, आलोक शाक्य, जगदीश कुशवाहा पूर्व सांसद धर्मराज पटेल, भगवत शरण, एसआरएस यादव, अरविंद कुमार सिंह तथा रामजतन राजभर ने विचार व्यक्त किए। 

जनता खुद कर रही उद्घाटन : चौधरी

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राजेंद्र चौधरी ने लखनऊ के दिलकुशा स्थित पिपराघाट पुल का उद््घाटन सपा समर्थकों द्वारा किए जाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि 12 मीटर लंबे इस पुल का निर्माण कार्य समाजवादी सरकार ने शुरू किया था लेकिन, भाजपा सरकार ने सत्ता में आने पर इसका काम रोक दिया। अब क्षेत्रीय जनता ने स्वयं आगे बढ़ते हुए पुल का उद्घाटन कर दिया। चौधरी ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार का पंद्रह महीने का कार्यकाल विकास विरोधी रहा है। सपा सरकार के विकास कार्यों के उद््घाटन का फिर से उद्घाटन करना भाजपा की एकमात्र उपलब्धि है।

Back to top button