कर्नाटक में सत्ता भागीदारी पर राहुल गांधी नेताओं संग आज करेंगे विचार-विमर्श

नई दिल्ली । कर्नाटक में परिस्थिति बदल जाने के बाद कांग्रेस अब जदएस के साथ सत्ता साझीदारी की रणनीति तैयार करेगी। दक्षिणी राज्य में एचडी कुमारस्वामी के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने से पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को शीर्ष नेताओं के साथ चर्चा करेंगे।कर्नाटक में सत्ता भागीदारी पर राहुल गांधी नेताओं संग आज करेंगे विचार-विमर्श

सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद और अशोक गहलोत राहुल से चर्चा करने के लिए रविवार सुबह दिल्ली पहुंच जाएंगे। सभी नेता कर्नाटक में जदएस के साथ सत्ता साझीदारी को अंतिम रूप देने से पहले चर्चा करेंगे। कर्नाटक विधानसभा में बहुमत परीक्षण के दौरान पार्टी की रणनीति की देखरेख के लिए दोनों नेताओं ने बेंगलुरु में डेरा डाल रखा था। भाजपा नेता बीएस येद्दयुरप्पा ने शक्ति परीक्षण से पहले ही इस्तीफा दे दिया।

कांग्रेस के एक नेता ने कहा, ‘सब कुछ दिल्ली में रविवार को तय किया जाएगा। पार्टी के शीर्ष नेता राहुल गांधी के साथ चर्चा करेंगे।’ कांग्रेस ने सत्ता साझीदारी व्यवस्था के तहत जदएस को समर्थन देने की घोषणा की है। कुमारस्वामी मुख्यमंत्री बनेंगे और उपमुख्यमंत्री कांग्रेस से बनाए जाने की उम्मीद है। अनुमान है कि कांग्रेस इस पद के लिए किसी दलित नेता को आगे करेगी।

224 सदस्यों वाली विधानसभा में कांग्रेस के पास 78 विधायक हैं और जदएस के पास 37 विधायक हैं। एचडी देवेगौड़ा नीत पार्टी जदएस ने चुनाव से पहले मायावती नीत बसपा के साथ गठबंधन किया था। बसपा के पास एक ही विधायक है।

Back to top button