नौकरी दिलाने के बहाने स्टूडेंट का अपहरण, मांगी पांच लाख की फिरौती

लखनऊ के बाजार खाला इलाके में बदमाशों ने बीए के एक छात्र से दोस्ती बनाई। उसे बुधवार को इंटरव्यू के बहाने अगवा करके हरदोई ले गए। इसके बाद कैटरर पिता को कॉल करके पांच लाख की फिरौती मांगी। पुलिस व क्राइम ब्रांच की टीम ने सर्विलांस से लोकेशन ट्रेस करके दो बदमाशों को दबोचने के साथ अगवा छात्र को चंगुल से छुड़ाया। बदमाशों से पूछताछ मेें खुलासा हुआ कि अपहरण से पहले कैटरर के भतीजे की बाइक चोरी कर लौटाने के एवज में दस हजार की मांग की थी। दोनों वारदातों में फिरौती मांगने में चोरी का मोबाइल फोन इस्तेमाल किया था। 

प्रभारी निरीक्षक सुजीत कुमार दुबे ने बताया कि मिल रोड स्थित मोहल्ला करेहटा में कैटरिंग का काम करने वाले राजकुमार राठौर का बेटा रवि डीएवी कॉलेज में बीए का छात्र है। वह बुधवार सुबह नौकरी के लिए इंटरव्यू की बात कहकर घर से निकला था। उसी शाम बदमाशों ने अज्ञात नंबर से राजकुमार को कॉल करके रवि के अपहरण की जानकारी देते हुए पांच लाख रुपये फिरौती मांगी। इससे घर में हाहाकार मच गया। राजकुमार ने पुलिस को सूचना दी। फिरौती के लिए छात्र के अपहरण का मुकदमा दर्ज करके उच्चाधिकारियों को मामले की जानकारी दी गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने पुलिस व क्राइम ब्रांच की टीम बनाई। सर्विलांस सेल ने फिरौती मांगने में इस्तेमाल नंबर का कॉल डिटेल खंगाला। उसका लोकेशन करेहटा में ट्रेस होने के साथ खुलासा कि दिन में करेहटा से हरदोई के अतरौली थाने के मदारी खेड़ा आवागमन हुआ था।
अंधविश्वास में फंसी 120 महिलाओं की तांत्रिक ने लुटी आबरू
पुलिस की टीम ने करेहटा में गहन छानबीन शुरू की। राजकुमार राठौर के पुराने घर से कुछ दूरी पर राजकुमार गौतम उर्फ बड़क्के के घर के बाहर रवि की बाइक खड़ी नजर आई। सुराग लगते देख पुलिस ने घर की घेराबंदी की। आहट पर बड़क्के ने दीवार की कूदकर भागने की कोशिश की। उसे दबोचने के साथ घर में दाखिल हुई टीम ने तलाशी ली। वहां रवि नहीं मिला, लेकिन बड़क्के के कब्जे से उसका मोबाइल बरामद हुआ। पुलिस ने बड़क्के के साथ घर में मौजूद उसके ममेरे भाई अनिल गौतम को हिरासत में लेकर पूछताछ की।





