त्योहारों के बाद शुरु हुआ पुलिस महकमे में बड़े पैमाने पर फेरबदल की तैयारी

त्योहारों के बाद पुलिस महकमे में बड़े पैमाने पर फेरबदल की तैयारी है। इसमें कई जिलों के पुलिस कप्तान और उससे ऊपरी रैंक के अधिकारियों में बदलाव किया जाएगा। इसमें कम से कम एक दर्जन से अधिक जिलों के पुलिस कप्तानों के कार्य क्षेत्रों में परिवर्तन किया जाएगा।
अभी तक त्योहारों के कारण तबादलों पर निर्णय नहीं हो पा रहा था। वहीं, प्रमोशन पाए एक दर्जन से अधिक पुलिस अफसरों को भी नई तैनाती का इंतजार है। लगभग तीन माह पूर्व 23 पीपीएस अफसरों को प्रमोशन देकर आईपीएस बनाया गया था। उनमें से केवल सात लोगों को ही तैनाती मिली है। शेष अभी अपनी तैनाती का इंतजार कर रहे हैं।
वहीं, 2013 बैच के भी कई ऐसे आईपीएस हैं जो अभी अपर पुलिस अधीक्षक के रूप में अलग-अलग जिलों में कार्य कर रहे हैं। ऐसे में इन अफसरों की ही संख्या 25 से ज्यादा है। कुछ ऐसे जिले भी हैं जहां के स्थानीय नेता संबंधित अधिकारी से नाराज हैं और शिकायत शासन तक पहुंचा रहे हैं। माना जा रहा है कि लगभग 35 से 40 पुलिस अधीक्षक रैंक के अफसरों को नई तैनाती दी जाएगी। इसके अलावा, एडीजी, आईजी व डीआईजी रैंक के भी कुछ अफसर इस सूची में शामिल हो सकते हैं।





