PMC घोटाले में राकेश वधावन और वरयाम की हिरासत 16 अक्टूबर तक बढ़ा दी गई…

PMC Bank Scam: महाराष्ट्र कोऑपरेटिव बैंक (PMC) घोटाले में आरोपी पूर्व चेयरमैन राकेश वधावन और उनके बेटे सारंग वधावन और वरयाम सिंह की हिरासत 16 अक्टूबर तक बढ़ा दी गई है। इससे पहले भी कोर्ट में सुनवाई के दौरान इनकी हिरासत बढ़ाई गई थी।
जांच के समय के लिए बढ़ी हिरासत
पीएमसी ( PMC) के केस की सुनवाई के दौरान जांच अधिकारियों ने अदालत को सूचित किया कि वे हर दिन नए सबूतों का पता लगा रहे हैं और बैंक धोखाधड़ी में प्रमुख अभियुक्तों से अधिक जानकारी निकालने के लिए उन्हें थोड़े और समय की जरूरत है।
4355 करोड़ रुपये के घोटाले में हुई है गिरफ्तारी
हाउसिंग डेवलपमेंट इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (एचडीआइएल) के चेयरमैन एवं प्रबंधनिदेशक राकेश वधावन और उनके बेटे सारंग को पिछले दिनों 4355 करोड़ रुपये के बैंक घोटाला मामले में गिरफ्तार किया गया था। मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने तीनों कि गिरफ्तारी की थी।
आरोपियों की संपत्ति जब्त
जांच के दौरान ईओडब्ल्यू ने एचडीआइएल की 3500 करोड़ की संपत्ति जब्त कर ली। तीनों के अलावा पुलिस ने पीएमसी बैंक के पूर्व प्रबंधनिदेशक जॉय थामस को भी गिरफ्तार किया है। वह अभी 17 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में हैं।
खाताधारकों ने किया प्रर्दशन
इस पूरे घोटाले के सामने आने के बाद बैंक खाताधारकों ने कोर्ट के बाहर बैंक अधिकारियों के खिलाफ प्रर्दशन भी किया था। गौरतलब है कि पीएमसी बैंक में इस घोटाले के बाद निकासी राशि भी कम कर दी गई थी। इसका भी लोगों ने जमकर विरोध किया था।
सीतारमण ने दिया था आश्वासन
इसके अलावा कांग्रेस पार्टी की तरफ से भी पीएमसी बैंक खाताधारकों की निकासी सीमा बढ़ाई जाने की मांग की गई थी। लोगों के और विपक्ष के बढ़ते विरोध के बाद वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सभी खाताधारकों को भरोसा दिलाया था कि वह जल्द ही उनकी समस्या का समाधान निकाल लेंगी।





