PM मोदी आज करेंगे ‘मन की बात’, रेडियो कार्यक्रम का होगा 48वां संस्करण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के जरिये देशवासियों को संबोधित करेंगे. इस रेडियो कार्यक्रम का यह 48वां संस्करण होगा. मन की बात कार्यक्रम रविवार सुबह 11 बजे प्रसारित किया जाएगा.
बता दें कि सितंबर में ही देश के साथ ‘राष्ट्रीय पोषण माह’ मनाने के लिए एक एनजीओ ने कहा कि उसने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह किया कि था कि वह अपने आगामी ‘मन की बात’ कार्यक्रम में ‘सभी के लिए पोषण तक पहुंच सुनिश्चित करने’ का विषय उठाएं. एनजीओ ‘द अक्षय पात्र फाउंडेशन’ ने भूख और कुपोषण समाप्त करने के लिए एक संपर्क अभियान शुरू किया है.
इससे पहले 26 अगस्त को मन की बात के 47वें संस्करण में पीएम मोदी ने महिला सुरक्षा के प्रति अपनी सरकार की प्रतिबद्धता जताई थी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा था कि देश की नारी शक्ति के खिलाफ कोई भी सभ्य समाज किसी भी प्रकार के अन्याय को बर्दाश्त नहीं कर सकता और इसी उद्देश्य से दुष्कर्म के दोषियों के खिलाफ कठोर कानून बनाया गया है और मुस्लिम महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए तीन तलाक संबंधी विधेयक को संसद से मंजूरी को प्रयासरत हैं.
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि लोकसभा में तीन तलाक संबंधी बिल को पारित कर दिया गया है हालांकि राज्यसभा के इस सत्र में इसे पारित कराना संभव नहीं हो पाया है. मोदी ने कहा था, ‘‘मैं मुस्लिम महिलाओं को विश्वास दिलाता हूं कि पूरा देश उन्हें न्याय दिलाने के लिए पूरी ताक़त से साथ खड़ा है.’’ उन्होंने कहा था कि बलात्कार के दोषियों को देश सहन करने के लिए तैयार नहीं है, इसलिए संसद ने आपराधिक कानून संशोधन विधेयक को पास कर कठोरतम सजा का प्रावधान किया है.’





