पीएम मोदी का कल वाराणसी दौरा, जानें क्या होने वाला है खास…

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी का दौरा करेंगे. इस दौरान वह अंतरराष्ट्रीय सहयोग एवं सम्मेलन केंद्र ‘रुद्राक्ष’ का उद्घाटन करेंगे, जो प्राचीन शहर काशी की सांस्कृतिक समृद्धि की झलक को दिखाने वाला होगा.
‘रुद्राक्ष’ का होगा उद्घाटन
अधिकारियों ने बताया कि इस सम्मेलन केंद्र में 108 रुद्राक्ष लगाए गए हैं और इसकी छत शिवलिंग के आकार में तैयार की गई है. यह पूरी इमारत रात में एलईडी लाइट से जगमगाएगी. यह दो मंजिला केंद्र सिगरा इलाके में 2.87 हेक्टेयर भूमि पर बनाया गया है और इसमें 1,200 लोगों के बैठने की क्षमता है.
इस परियोजना का मकसद वाराणसी में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र में लोगों को सामाजिक और सांस्कृतिक संवाद का मौका देना है. यह अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों, प्रदर्शनियों, संगीत समारोहों और अन्य कार्यक्रमों के आयोजन के लिए उचित जगह है और इसके गलियारे को भित्ति चित्रों से सजाया गया है.
काशी को 1,500 करोड़ की सौगात
जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी से सहायता प्राप्त वाराणसी इंटरनेशनल कोऑपरेशन एंड कन्वेंशन सेंटर (वीसीसी) के मुख्य हॉल को जरूरत पड़ने पर छोटे स्थानों में डिवाइड किया जा सकता है. अधिकारियों ने बताया कि पीएम मोदी वाराणसी के दौरे में 1,500 करोड़ रुपये से ज्यादा की कई विकास परियोजनाओं (Multiple Development Projects) का उद्घाटन करेंगे या उनकी आधारशिला रखेंगे.
क्या है पीएम मोदी का कार्यक्रम?
पीएम मोदी गुरुवार को 11 बजे के करीब बीएचयू में 100 बिस्तरों वाले एमसीएच विंग, गोदौलिया में एक बहु–स्तरीय पार्किंग, गंगा नदी में पर्यटन के विकास के लिए रो-रो नौकाओं की शुरुआत करेंगे. साथ ही वाराणसी-गाजीपुर राजमार्ग पर थ्री लेन वाले फ्लाईओवर पुल समेत विभिन्न सार्वजनिक परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे.





