पीएम मोदी ने सभी देशवासियों को दी नवरात्रि की बधाई, कहा…

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नवरात्र और पारंपरिक भारतीय नव वर्ष के शुभारंभ पर शनिवार को लोगों को बधाई दी. भारतीय नव वर्ष को देश के विभिन्न हिस्सों में अलग-अलग उत्सवों के रूप में मनाया जाता है. उन्होंने ट्वीट किया, ‘सभी देशवासियों को नवरात्रि की बधाई. शक्ति की उपासना का यह पर्व हर किसी के जीवन में नयी ऊर्जा का संचार करें.’
प्रधानमंत्री मोदी ने एक अन्य ट्वीट में कहा कि विक्रम संवत 2079 सबके जीवन में नया उत्साह और नयी उमंग लेकर आए. उन्होंने उगादी, साजिबू चीरौबा, नवरेह और गुड़ी पड़वा के मौके पर भी बधाई दी. वहीं नवरात्र के शुरु होते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु वैष्णो देवी धाम में भी पहुंचे. इस दौरान भक्तों की बड़ी भीड़ देखने को मिल रही है. नवरात्र की शुरुआत होते ही देश भर के मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ देखी जा रही है. श्रद्धालु मंदिर में माता के दर्शन कर उनकी पूजा कर रहे हैं.
https://twitter.com/ANI/status/1510084147897073664?
दिल्ली के झंडेवालान मंदिर, कालकाजी मंदिर, वाराणसी के दुर्गा मंदिर और मुंबई के मुंबा देवी मंदिरों में भी भीड़ उमड़ रही है. इस साल चैत्र नवरात्र की शुरुआत 2 अप्रैल को हो रही है. यह 11 अप्रैल को समाप्त होंगे. वहीं महाराष्ट्र में भी जगह-जगह नवरात्र और गुड़ी पड़वा की धूम देखने को मिल रही है.
नागपुर में शनिवार को महिलाओं ने गाजे बाजे के साथ पारंपरिक नृत्य कर गुड़ी पड़वा मनाया. इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी जुटे. महिलाएं ढोल नगाड़ों की थाप पर नृत्य करती दिखीं.





