‘गुलाबी रंग’ बढ़ा सकता है विराट की सीरीज जीत का इंतजार

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच वांडरर्स में चौथा वनडे शुरू होने में अब ज्यादा वक्त नहीं है. इस मुकाबले में विराट एंड कंपनी की नजर जहां सीरीज सील करने पर है वहीं साउथ अफ्रीका अपनी साख बचाने की जद्दोजहद करता दिखेगा. लेकिन, जो बात इस मैच में पिछले 3 मुकाबलों से अलग दिखाई देगी वो है साउथ अफ्रीका की जर्सी का गुलाबी रंग और उस टीम में विस्फोटक डिविलियर्स की वापसी.
दरअसल, भारत के खिलाफ वांडरर्स वनडे में दक्षिण अफ्रीका गुलाबी जर्सी में मैदान पर उतरेगा. गुलाबी जर्सी में साउथ अफ्रीका का वांडरर्स से बहुत पुराना याराना है. जब भी प्रोटियाज टीम पिंक जर्सी पहनकर वांडरर्स के मैदान पर उतरी है , उसे हार का सामना नहीं करना पड़ा है. पिंक जर्सी में वांडरर्स पर साउथ अफ्रीका ने अब तक 5 वनडे खेले हैं और सभी में उसे जीत मिली है. इसमें साल 2013 में टीम इंडिया के खिलाफ खेला वनडे मुकाबला भी शामिल है, जिसमें साउथ अफ्रीका ने 141 रन की बड़ी जीत दर्ज की थी.
पिंक जर्सी में वांडरर्स पर साउथ अफ्रीका के अजेय रिकॉर्ड की बड़ी वजह एबी डिविलियर्स का विस्फोटक अंदाज भी है. डिविलियर्स ने इस मैदान पर खेल 11 वनडे में 100.85 की बेजोड़ औसत से रन बनाए हैं. यही नहीं, इस मैदान इस वांडरर्स पर जमाए 3 शतकों में से 2 शतक उनके गुलाबी रंग की जर्सी में ही निकले हैं. डिविलियर्स ने वनडे क्रिकेट इतिहास का सबसे तेज शतक जड़ने का कमाल भी वांडरर्स पर पिंक जर्सी में ही किया था.
श्रीलंकाई गेंदबाज रंगना ने तोड़ा 17 साल पुराना टेस्ट रिकॉर्ड
इंजरी की वजह से पहले 3 वनडे से बाहर रहे डिविलियर्स की वांडरर्स पर वापसी हो रही है. ऐसे में सबकी नजरों का उन पर जमना भी लाजमी होगा. डिविलियर्स की वापसी के बाद बढ़े मनोबल के साथ प्रोटियाज टीम भी जीत के ट्रैक पर लौटना चाहेगी. गुलाबी रंग, डिविलियर्स के कॉम्बिनेशन के साथ साउथ अफ्रीका पिछला इतिहास वांडरर्स पर शानदार रहा है. अब अगर ये कॉम्बिनेशन आज भी लकी साबित हुआ तो ना सिर्फ दक्षिण अफ्रीका की जीत की तलाश खत्म होगी बल्कि विराट एंड कंपनी के सीरीज जीतने का इंतजार भी बढ़ जाएगा.





