अररिया. बिहार के अररिया जिले के नरपतगंज थाना क्षेत्र के मथुरा उत्तर में मंगलवार रात को एक प्रेमी जोड़े को प्यार करने की ऐसी सजा दी गई, जिसे देख गांव का कोई और ऐसी हरकत करने की जुर्रत न कर सके। प्रेमी धनश्याम सिंह और प्रेमिका पारसमणि देवी एक ही पंचायत के रहने वाले थे। शादी के बाद भी दोनों का प्यार कम न हुआ था। दोनों दो-दो बच्चों के मां बाप थे, इसके बाद भी चोरी छिपे मिलते थे। रात में मिलने की इसी कोशिश के दौरान उन्हें आपत्तिजनक हालत में लड़की के गांव के लोगों ने देख लिया।
लड़की को परिजनों ने पीट-पीटकर मार डाला…
– पारसमणि आनंदी यादव की बेटी थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला को उसके परिजनों ने पीट-पीटकर मार डाला और उसके शव को जला दिया।
– महिला के परिजनों और गांव के लोगों ने घनश्याम की भी बेरहमी से पिटाई की। पिटाई के दौरान जब घनश्याम ने पानी मांगा तो उसके मुंह और आंख में तेजाब डाल दिया। गांव के लोगों को जब लगा कि इसका मरना तय है तब उसे छोड़ दिया।
– गंभीर रूप से घायल घनश्याम को उसके परिजन पास के प्राइवेट हॉस्पिटल में ले गए। हालत बिगड़ने लगी तो उसे फारबिसगंज के हॉस्पिटल में लाया गया। जहां से पुलिस को सूचना मिलने पर गुरुवार को इस वारदात का खुलासा हुआ।
– अररिया के एसपी धुरत सयाली ने कहा कि पुलिस को हत्या और एसिड अटैक की सूचना मिली है। पूरे मामले की छानबीन की जा रही है।
कई साल से चल रही थी लव स्टोरी
– इस प्रेमी जोड़ी की लव स्टोरी पिछले कई साल से चल रही थी। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन अलग-अलग जाती का होने के चलते ऐसा संभव न था।
– इसी बीच दोनों की अलग-अलग शादी हो गई। हालांकि शादी के बाद भी वे छिपकर मिलते थे। पिछले दिनों महिला अपने मायके आई हुई थी।