पटना के आयकर ऑफिस में राबड़ी से 4 और तेजस्वी से 8 घंटे तक हुई पूछताछ
पटना.एक हजार करोड़ से अधिक की बेनामी संपत्ति के आरोपों में घिरे पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी आैर उनके बेटे पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव से मंगलवार को पटना स्थित आयकर मुख्यालय में लंबी पूछताछ की गई। इसके लिए दिल्ली से प्रश्नावली के साथ अफसरों की टीम एक दिन पहले ही यहां पहुंच गई थी। सुबह से देर शाम तक आयकर के सवालों का सामना राबड़ी व तेजस्वी करते रहे।

मीसा से नहीं होनी थी पूछताछ पर मां के साथ वह भी पहुंचीं…
– सूत्रों के मुताबिक तेजस्वी व राबड़ी से अगल-अलग पूछताछ की गई। फिर दोनों को आमने-सामने बैठाकर क्रॉस एग्जामिनेशन कराया गया। बेनामी संपत्ति को लेकर सवाल-दर-सवाल होते रहे।
– संपत्ति के स्रोत, आमदनी का जरिया, सगुना मोड़ एरिया में निर्माणाधीन मॉल, विभिन्न कंपनियों व अन्य पहलुओं पर सवाल पूछे गए। कई सवाल के जबाव दिए गए तो कई बिंदुओं पर अनभिज्ञता भी जताई गई।
175 करोड़ की संपत्ति जब्त कर चुका है आयकर
आयकर ने 19 जून को बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली से पटना-दानापुर तक मीसा भारती व उनके पति शैलेश के अलावा तेजस्वी यादव, राबड़ी देवी और उनकी दो बेटियों रागिनी और चंदा यादव से जुड़ी एक दर्जन संपत्ति और भूखंड अस्थायी रूप से अटैच (जब्त) किए थे। कुर्क संपत्ति का बाजार मूल्य 175 करोड़ रुपये बताया गया है, जबकि बुक वैल्यू 9.32 करोड़ है। एक हजार की बेनामी संपत्ति के आरोपों के घेरे में तेज प्रताप यादव व अन्य परिजन भी हैं।
ये भी पढ़ें:- भागने की तैयारी में था राम रहीम, मशीन गन लेकर गया था कोर्ट
मीसा से नहीं होनी थी पूछताछ पर मां के साथ वह भी पहुंचीं
तेजस्वी सुबह साढ़े 10 बजे आयकर भवन पहुंच गए थे। वहां तीसरे तल्ले पर बनाए गए कैंप ऑफिस में पूछताछ शुरू हुई। दोपहर 2 बजे राबड़ी और उनकी बेटी मीसा भारती भी आयकर ऑफिस पहुंची। पूछताछ खत्म होने के बाद तेजस्वी शाम 6.20 बजे बाहर निकले आैर सीधे घर के लिए निकल गए। देर शाम 6.46 बजे राबड़ी के साथ मीसा भारती भी बाहर निकली। किसी ने मीडिया से कोई बात नहीं की। राजद नेताओं के मुताबिक मीसा को पूछताछ के लिए नहीं बुलाया गया था, बल्कि वे मां राबड़ी देवी के साथ गई थीं। वैसे आयकर टीम पहले ही दिल्ली में मीसा व उनके पति शैलेश से पूछताछ कर चुकी है। पिछले सप्ताह ही तेजस्वी, तेजप्रताप व अन्य परिजनों को आयकर ने समन भेज कर पूछताछ के लिए बीते शुक्रवार को बुलाया था। पर वे नहीं पहुंच सके थे।
अंदर चल रही थी पूछताछ, बाहर राजद नेता कर रहे थे नाराजगी का इजहार
मंगलवार की शाम ‘आयकर भवन’ का नजारा बदला हुआ था। आयकर ऑफिस में पूर्व सीएम राबड़ी देवी व पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव से पूछताछ हो रही थी, वहीं इसे लेकर सड़क किनारे राजद विधायक शक्ति सिंह यादव व अन्य नेता नाराजगी जता रहे थे। बेनामी संपत्ति के आरोपों के संबंध में राबड़ी देवी व तेजस्वी यादव से होने वाली पूछताछ की तारीख और समय को गोपनीय रखा गया था। हालांकि, दोपहर बाद खबर मीडिया में आने पर शाम 4 बजे तक आयकर ऑफिस के बाहर भीड़ जमा हो गई। इसमें राजद के नेता-कार्यकर्ता व फुटपाथी दुकानदार से लेकर आम राहगीर तक शामिल थे। एहतियात के तौर पर वहां पहले से ही अतिरिक्त बल को तैनात कर दिया गया था। कार्यावधि में हमेशा खुला रहने वाला आयकर मुख्यालय (बिहार-झारखंड) के दोनों मेन गेट बंद थे। मीडिया के भी प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया था।
24 घंटे से राजधानी में कैंप कर रही थी टीम :राबड़ी देवी व तेजस्वी यादव से पूछताछ के लिए दिल्ली से आई आयकर अफसरों की विशेष टीम बीते 24 घंटे से राजधानी में कैंप कर रही थी। सूत्रों के मुताबिक आयकर के अनुसंधान विंग से जुड़े संयुक्त आयुक्त स्तर के दो अफसर टीम का नेतृत्व कर रहे थे। पटना मुख्यालय के स्तर से विशेष टीम को आवश्यकतानुसार मदद दी गई।





