पटना: वित्त आयोग के साथ हुई बड़ी बैठक में नीतीश का पूरा मंत्रिमंडल हुआ मौजूद

पटना स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय में वित्त आयोग की टीम के साथ बिहार सरकार की अहम बैठक शुरू हो गई है जिसमें आज वित्त आयोग से बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिए जाने की मांग की जाएगी। यह बैठक तीन घंटे तक चलेगी। बैठक में सीएम नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम सुशील मोदी के साथ मंत्रिमंडल के सहयोगी और सभी आला अधिकारी मौजूद हैं।
सचिवालय में वित्त आयोग की टीम 2.30 बजे से राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेगी।राजनीतिक दल के दो-दो प्रतिनिधि वित्त आयोग की टीम से मिलेंगे और अपने दल की तरफ से मांग पत्र सौंपेंगे।
विशेष राज्य के दर्जे की मांग पर जदयू-बीजेपी की अलग राय
इस बीच विशेष दर्जे की मांग को लेकर जदयू और भाजपा का मत अलग-अलग दिख रहा है। जहां भाजपा नेता बिहार को विशेष पैकेज देने की मांग करने की बात कर रहे हैं तो वहीं जदयू की तरफ से बिहार को विशेष दर्जे की मांग की जाएगी।
विशेष दर्जे के सवाल पर मंत्री राज्य के कृषि मंत्री प्रेम कुमार ने चुप्पी साध ली और बिहार को विशेष पैकेज देेने की वकालत की। साथ ही विशेष दर्जे के सवाल पर बिहार सरकार के मंत्री प्रमोद कुमार ने कहा कि जदयू की क्या मांग है उनसे पूछिए। हमें तो लगता है कि बिहार को विशेष पैकेज चाहिए।
विशेष दर्जे पर बिहार के शिक्षा मंत्री कृष्णनंदन वर्मा ने कहा कि हर हाल में बिहार को विशेष दर्जा मिलना चाहिए।हम वित्त आयोग के पास मजबूती से अपनी बात रखेंगे।
वहीं, मंत्री कृष्ण कुमार ऋषि ने कहा कि हमें उम्मीद है कि इस बार बिहार को अतिरिक्त पैकेज मिलेगा। हम वित्त आयोगी की टीम के सामने अपनी बात को रखेंगे।विशेष दर्जा के बदले विशेष पैकेज भी कम नहीं होता।
कांग्रेस ने कसा तंज
विशेष दर्जे की मांग पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा ने कहा कि पीएम मोदी ने बिहार और देश की जनता को केवल छला है। केंद्र और बिहार मे एक ही गठबंधन की सरकार है तब तो खुद ही विशेष दर्जा मिल जाना चाहिए।
राजनीतिक दलों से मुलाकात के बाद होगी प्रेस कांफ्रेंस
मुख्य सचिवालय के सभागार में राजनीतिक दलों के साथ मुलाकात के बाद वित्त आयोग के अध्यक्ष प्रेस कांफ्रेंस भी करेंगे। वित्त आयोग की टीम के साथ मुख्यमंत्री का डिनर स्टेट गेस्ट हाउस में आयोजित किया गया है।
बता दें कि 15 वें वित्त आयोग के अध्यक्ष एनके सिंह बिहार के ही रहने वाले हैं और सत्ताधारी दल जदयू की तरफ से राज्यसभा में सांसद भी रह चुके हैं। नीतीश कुमार से उनकी काफी नजदीकियां रही है ऐसे में बिहार सरकार के साथ सभी राजनीतिक दलों और विभिन्न क्षेत्र के लोगों को पूरी उम्मीद है कि इस बार बिहार के हित में एक कदम आगे बढ़कर वित्त आयोग केंद्र सरकार को अनुशंसा करेगा।





