PAK के PM इमरान खान ने किया करतारपुर कॉरिडोर का शिलान्यास, सिद्धू भी रहे मौजूद

भारत के बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने बुधवार को अपनी सीमा के करीब स्थित सिखों के पवित्र धार्मिक स्थल करतारपुर कॉरिडोर का शिलान्यास किया। इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने पंजाब के कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू भी वहां पहुंचे हुए हैं। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और हरसिमरत कौर बादल अटारी-वाघा बॉर्डर से इस कार्यक्रम में शामिल होने पाकिस्तान पहुंचे। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने कहा कि मैं इस यात्रा का हिस्सा बनकर सुखद महसूस कर रहा हूं। सालों बाद आज में करतारपुर साहिब के दर्शन करुंगा और इसके लिए मैं दोनों देशों का आभारी हूं।PAK के PM इमरान खान ने किया करतारपुर कॉरिडोर का शिलान्यास, सिद्धू भी रहे मौजूद

वहीं विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने बुधवार को कहा कि करतारपुर गलियारा पहल का पाकिस्तान के साथ बातचीत से कोई लेना-देना नहीं है और पाकिस्तान जब भारत में आतंकवादी गतिविधियां बंद कर देगा तभी उससे बातचीत शुरू होगी।

भारत इस गलियारे की लंबे समय से मांग करता रहा है, जिससे भारतीय सिख श्रद्धालु बिना वीजा के करतारपुर में गुरुद्वारा दरबार साहिब तक आ जा सकें।  स्वराज ने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि पाकिस्तान ने पहली बार सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि इस कदम भर से द्विपक्षीय वार्ता शुरू हो जाएगी। आतंक और बातचीत साथ-साथ नहीं चल सकती।’’ 

विदेश मंत्री तेलंगाना में सात दिसंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के पहले प्रचार के लिए यहां हैं और वह संवाददाताओं को संबोधित कर रहीं थीं। उन्होंने कहा, ‘‘जिस क्षण पाकिस्तान भारत में आतंकवादी गतिविधियां बद कर देगा, बातचीत शुरू हो सकती है लेकिन बातचीत केवल करतारपुर गलियारे से जुड़ी नहीं है।’’ 

सिद्धू ने दोनों देशों के बीच फिर क्रिकेट शुरू करने की वकालत की

सिद्धू मंगलवार दोपहर दो बजे अटारी सड़क सीमा के रास्ते पाक के लिए रवाना हुए थे। पाकिस्तान पंजाब के गवर्नर चौधरी मोहम्मद सरवर सहित कई अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। लाहौर पहुंचते ही सिद्धू ने मीडिया से बातचीत में इमरान खान की तारीफों के पुल बांधने शुरू कर दिए। 

उन्होंने कहा कि दुनिया में इमरान जैसा कोई यार नहीं जिसने इतना बड़ा तोहफा दिया हो। पाक सेना प्रमुख कमर जावेद बाजवा से गले मिलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि जब बाजवा मुझसे मिले थे तो उन्होंने यह कहा था कि वजीर-ए-आजम इमरान ने उन्हें यह संदेश देने को कहा है कि वे करतारपुर कॉरिडोर खोल देंगे। 71 साल के इतिहास में किसी पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने ऐसा नहीं किया। 

बटाला के डेरा बाबा में आयोजित कार्यक्रम में न आने पर सिद्धू  ने कहा कि मैं धर्म के कार्य को सियासत अलग आंकता हूं। यही कारण है कि वे कार्यक्रम में नहीं गए। जब उनसे मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के पाक न आने का कारण पूछा तो उन्होंने कहा कि उनका नजरिया अलग है और मेरा अलग।
 
उन्होंने एक अन्य जगह मीडिया से बातचीत में कॉरिडोर को ‘अनंत संभावनाओं का गलियारा’ बताया। हालांकि इस दौरान वह केंद्र पर निशाना साधने से नहीं चूके। उन्होंने कहा कि पाक सेना प्रमुख के साथ उनकी झप्पी कुछ सेकेंड की थी। यह कोई राफेल डील नहीं थी। जब दो पंजाबी मिलते हैं, तो गले लगते हैं। 

इस दौरान उन्होंने दोनों देशों के बीच क्रिकेट फिर शुरू करने की वकालत की। उन्होंने कहा कि भारत में इमरान खान, वसीम अकरम और जावेद मियांदाद के लाखों प्रशंसक हैं। इसी तरह पाक में शाहरुख और सलमान को लोग बहुत प्यार करते हैं। गौरतलब है कि पाकिस्तान सरकार ने सिद्धू को तीन दिन का वीजा दिया है। वे ननकाना साहिब और गुरुद्वारा पंजा साहिब के दर्शन के लिए जा सकते हैं।

मंगलवार शाम चार बजे तक पाक ने किया बादल व पुरी का इंतजार

अटारी बॉर्डर पर दोनों भारतीय केंद्रीय मंत्रियों का शाम चार बजे तक इंतजार किया गया। इसके बाद उनके आने की कोई सूचना न मिलने पर अटारी-वाघा बॉर्डर के प्रवेश द्वार बंद कर दिए गए। दोनों भारतीय मंत्री बुधवार को कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। 

तीर्थ यात्रियों के लिए बनेगा रेलवे स्टेशन

करतारपुर में सिख तीर्थ यात्रियों के लिए रेलवे स्टेशन बनाया जाएगा। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान सरकार रेलवे स्टेशन के लिए जमीन उपलब्ध कराएगी। 

Back to top button